पूरी तरह डिजिटल होगी एमपी पुलिस, मुख्यालय के बाद अब कार्यालयों में भी लागू होगी ई-ऑफिस व्यवस्था

भोपाल। पुलिस मुख्यालय में ई-ऑफिस व्यवस्था पूरी तरह से काम कर रही है। अब पुलिस के नीचे के कार्यालय जैसे आईजी-डीआईजी कार्यालय, एसपी ऑफिस में भी इसका शत प्रतिशत उपयोग किया जाएगा। इस संबंध बुधवार को पुलिस मुख्यालय ने ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।
डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि इसके माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता एवं गति आएगी, जिससे पुलिस कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने सभी इकाइयों को शत प्रतिशत ई-ऑफिस का उपयोग करने के लिए कहा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी जयदीप प्रसाद ने बताया कि इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी कार्यालयों में लागू किया जा रहा है।एनआईसी के प्रशिक्षकों ने विभिन्न मॉड्यूल्स, फाइल प्रबंधन, नोटशीट, पत्राचार एवं अनुमोदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और अधिकारियों के प्रश्नों के समाधान भी किए गए। ई-विवेचना एप के संबंध में भी जानकारी दी गई। समस्त पुलिस इकाइयों में पदस्थ विवेचकों को वितरित किए जा रहे ई-विवेचना टैबलेट के जरिए संपूर्ण अनुसंधान कार्य किए जाने और उनका प्रशिक्षण शीघ्र पूरा करने के लिए कहा गया।
घटना स्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए ई-साक्ष्य एप, अपराध अनुसंधान की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए संदेश एप, तथा वर्ष 2016 से 2018 के लंबित चालानों के डेटा डिजिटाइजेशन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करने के लिए कहा है।





