‘मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’, MP के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा बोले-कांग्रेस और इंटरनेट यूजर्स के खिलाफ कार्रवाई करुंगा

जबलपुर। मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का कथित बयान भी विवाद में है। देवड़ा इसे ‘तोड़ मरोड़ कर पेश करना’ ठहरा रहे हैं, इसके साथ ही कांग्रेस और सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित करने वालों की शिकायत की तैयारी कर रहे हैं। जिस बयान पर विवाद है, वो शुक्रवार को जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिया गया है। ऐसे में जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिला प्रशासन का पक्ष रखते हुए कहा है कि कुछ न्यूज चैनलों द्वारा प्रसारित खबर पूर्णतः भ्रामक है। खबर सनसनीखेज बनाने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जोड़ा गया।
प्रियंका वाड्रा ने किया पोस्ट…
- कांग्रेस की महासचिव और लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर पोस्ट किया कि भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
- भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है।
- भाजपा ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?
- पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य नेताओं ने भाजपा के दोनों नेताओं को आरोप दोहराकर बर्खास्त करने की मांग की





