MP में कुदरत का कहर… ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से रबी फसलें बर्बाद, गेहूं-चना खेतों में बिछे

मालवा-निमाड़। अंचल में अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान पहुंचा है। कहीं गेहूं की फसल खेत में ही बिछ गई तो कहीं चना, प्याज और सब्जियों को भारी क्षति हुई है। किसानों का कहना है कि फसल पकने की स्थिति में थी, ऐसे में मौसम की मार से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ेगा। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में पटवारी और कृषि अमले को सर्वे के निर्देश दिए हैं

उज्जैन और रतलाम: गेहूं की फसल आड़ी हुई

उज्जैन जिले की खाचरौद-नागदा, महिदपुर और तराना तहसीलों में बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल गिरने से दाने भराव पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह आंजना ने बताया कि कई गांवों में फसलें पूरी तरह झुक गई हैं। कृषि विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया जा रहा है। रतलाम जिले में मावठे की बारिश से गेहूं, अफीम और चना की फसल को आंशिक क्षति पहुंची है। वहीं कृषि विभाग का कहना है कि अधिकांश क्षेत्रों में बूंदाबांदी ही हुई, जिससे बड़े नुकसान की स्थिति नहीं है।

खंडवा और खरगोन: चने की फसल को 50 प्रतिशत तक क्षति

खंडवा जिले में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। पुनासा ब्लॉक के आधा दर्जन गांवों में चना आकार के ओले गिरने से गेहूं और चना की फसल प्रभावित हुई है। संयुक्त कृषक संगठन के अनुसार, गेहूं में 20 से 25 प्रतिशत और चना में फूल झड़ने से 50 प्रतिशत तक नुकसान हो सकता है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत देने की मांग की है। खरगोन जिले के भीकनगांव, कसरावद, महेश्वर, बड़वाह और सनावद क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। कई गांवों में गेहूं की फसल आड़ी हो गई है। किसानों का दावा है कि 40 प्रतिशत तक फसल खराब हुई है।

शाजापुर और देवास: ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

शाजापुर जिले में फूलखेड़ी, टुकराना, मोरटा और आसपास के गांवों में बेर और नींबू के आकार के ओले गिरने से गेहूं, प्याज और अन्य रबी फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों के अनुसार, कई जगह 40 से 50 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। देवास जिले के हाटपीपल्या, करनावद और बागली क्षेत्रों में भी सैकड़ों किसानों की फसलें खराब होने की सूचना है। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button