ईरान के ऊर्जा ढांचे पर 10 दिनों तक हमले नहीं, ट्रंप ने बढ़ाई डेडलाइन, कहा- बातचीत अच्छी चल रही

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमलों की डेडलाइन 6 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी है। ट्रंप ने कहा कि वह 10 दिनों के लिए ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह तेहरान के अनुरोध पर किया गया है और बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। ट्रंप अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी है। इसके पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की धमकी दी थी, जिसे उन्होंने खुद ही 5 दिनों के लिए रोक दिया था।

ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 दिन हमले नहीं

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘ईरानी सरकार के अनुरोध पर मैं ऊर्जा प्लांट को नष्ट करने की कार्रवाई को 10 दिनों के लिए यानी सोमवार 6 अप्रैल 2026 को पूर्वी समय रात 8 बजे तक के लिए रोक रहा हूं।’ ट्रंप ने ईरान और वॉशिंगटन के बीच बातचीत में प्रगति का संकेत दिया। उन्होंने लिखा, बातचीत जारी है और फेक न्यूज मीडिया और अन्य लोगों के इसके विपरीत बयानों के बावजूद यह बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।

ट्रंप ने ईरान को दिया था अल्टीमेटम

यह दूसरी बार है जब ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले की डेडलाइन को बढ़ाया है। पिछले शनिवार को ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को तेल टैंकरों के खोलने के लिए 48 घंटे का समय दिया था। ऐसा न करने पर ईरान के पॉवर प्लांट को नष्ट करने की धमकी दी थी। लेकिन एक दिन बात ट्रंप ने बातचीत का हवाला देते हुए इसे 5 दिन के लिए टाल दिया था। अब इसे फिर से 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है।

हालांकि, यह साफ नहीं है कि 10 दिनों तक ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने का फैसला एक व्यापक संघर्ष विराम का रूप लेगा या फिर यह केवल एक अस्थायी उपाय होगा जो कुछ दिनों के लिए तनाव कम करेगा। लेकिन इस विराम से कूटनीति के लिए जगह मिल सकती है। इसके पहले ट्रंप के मध्य पूर्व के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने एक कैबिनेट बैठक में बताया था कि तेहरान बातचीत के लिए तैयार है। विटकॉफ ने पहली बार सार्वजनिक रूप से इस बात की पुष्टि की कि वॉशिंगटन ने पाकिस्तानी अधिकारियों के माध्यम से तेहरान को 15 पॉइंट एक्शन लिस्ट दी थी।

ट्रंप को ईरान का गिफ्ट

इसके पहले ट्रंप ने ईरान से गिफ्ट में तेल टैंकर मिलने का दावा किया था। गुरुवार को उन्होंने कहा कि ईरान ने अमेरिका के 10 तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी है। उन्होंने इसे तेहरान के युद्ध खत्म करने को लेकर हो रही बातचीत के लिए गंभीर होने का संकेत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button