‘प्लीज रूको’,न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर एयर कनाडा के विमान की ट्रक से टक्कर, ATC की घबराहट ऑडियो में कैद

वॉशिंगटन: अमेरिका में सोमवार को एक विमान के एयरपोर्ट पर खड़े वाहन से टकरा जाने की वजह से हादसा हुआ है। कनाडा के मॉन्ट्रियल से आ रहे एयर कनाडा एक्सप्रेस के रीजनल जेट ने न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे जेट और वाहन को काफी ज्यादा नुकसान हुआ। हादसे के बाद एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा है। हादसे में किसी को चोट लगने या मौत की जानकारी नहीं है। हादसे के समय के कुछ ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आए हैं, जिसमें अधिकारियों की घबराहट दिख रही है।
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ला गार्डिया एयरपोर्ट के रनवे पर एक विमान और एक गाड़ी के बीच टक्कर हुई है। इसके बाद राहात और बचाव का काम किया जा रहा है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, CRJ-900 विमान ने रविवार शाम को करीब 24 मील प्रति घंटा की रफ्तार से उस गाड़ी को टक्कर मारी।
एयरपोर्ट को किया गया बंद
अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने विमान से जुड़ी इस आपात स्थिति के चलते ला गार्डिया आने वाली सभी उड़ानों को रोकने का आदेश जारी किया। एयरपोर्ट को बंद रखने का फैसला स्थानीय अथॉरिटी को लेना पड़ा। FAA के नोटिस में बताया गया है कि एयरपोर्ट को एक आपात स्थिति के चलते बंद किया गया है।
ऑडियो क्लिप की चर्चा
न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर टक्कर के बाद ATC की ऑडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई है। इस कथित ऑडियो में एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुझसे गलती हो गई। ऑडियो की शुरुआत में ATC में मौजूद कोई व्यक्ति यह कहता सुनाई देता है कि हम थोड़ी देर के लिए बंद रहने वाले हैं।
ऑडियो में एक आवाज ATC वाले व्यक्ति से यह कहती सुनाई देती है कि यह देखना बिल्कुल अच्छा नहीं था। हां, मुझे पता है कि हम पहले एक इमरजेंसी से निपट रहे थे और मुझसे गलती हो गई। एक और क्लिप सामने आई है, जिसमें उस समय की घबराहट साफ सुनाई देती है, जब एक ATC अधिकारी को प्लीज रुको कहते सुना जा सकता है।





