PM बोले- शहजादे ने अडाणी-अंबानी को गाली देना बंद किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के करीमनगर में पहली बार अडाणी-अंबानी का नाम लेते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- पिछले 5 सालों से कांग्रेस के शहजादे दिन-रात एक ही माला जपते थे। 5 उद्योगपति, अंबानी, अडाणी। लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी-अडाणी को गाली देना बंद कर दिया है…क्यों?

प्रधानमंत्री ने कहा- मैं कांग्रेस के शहजादे से पूछना चाहता हूं कि उन्हें अडाणी और अंबानी से कितना माल उठाया है? काला धन के बोरे भर के रुपए मारे हैं? कांग्रेस पार्टी को चुनाव के लिए उन उद्योगपतियों से कितना माल मिला? क्या टेंपो भरकर माल पहुंचा है?

प्रधानमंत्री ने तेलंगाना की कांग्रेस और पूर्व की BRS सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली शराब घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस और BRS दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों भ्रष्टाचार की गोंद से एक-दूसरे से चिपके हुए हैं। दोनों का एक ही काम है- फैमिली फर्स्ट और तुष्टिकरण।

उन्होंने कहा- करप्शन कांग्रेस-BRS का कॉमन कैरेक्टर है। ये दोनों एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं। लेकिन, बैकडोर से दोनों एक ही करप्शन सिंडिकेट का हिस्सा हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने करीमनगर पहुंचकर श्री राजा राजेश्वरी स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मोदी की स्पीच की 5 बातें…

1. तेलंगाना के लोगों ने मेरा 10 साल का काम देखा
प्रधानमंत्री ने कहा- तेलंगाना के लोगों ने पिछले 10 साल में मेरा काम देखा है। आपके एक वोट ने भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया। आपके एक वोट ने अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया और जम्मू-कश्मीर में शांति और समृद्धि सुनिश्चित की। आपके एक वोट ने भारत को रक्षा आयातक से रक्षा निर्यातक बना दिया।

2. कांग्रेस इस देश की समस्याओं की जननी है
PM ने कहा- हमारा पूरा देश संभावनाओं से भरा हुआ है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने पूरे शासनकाल में हमारे लोगों की क्षमता को बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस पार्टी ने हमारी अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया, कृषि और कपड़ा क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस ही देश में समस्याओं की सबसे बड़ी जननी है।

3. कांग्रेस और BRS का एक ही सिद्धांत- फैमिली फर्स्ट
प्रधानमंत्री ने कहा- भाजपा नेशन फर्स्ट सिद्धांत में विश्वास करती है। लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस और बीआरएस तेलंगाना में फैमिली फर्स्ट सिद्धांत पर काम करते हैं। कांग्रेस और बीआरएस पूरी तरह से परिवार द्वारा, परिवार के लिए हैं। ये दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

4. कांग्रेस-BRS भ्रष्टाचार के गोंद से चिपके हुए हैं
कांग्रेस और बीआरएस को एक साथ बांधने वाला एकमात्र ‘गोंद’ भ्रष्टाचार है। तुष्टिकरण की राजनीति ही उनका एजेंडा है। कांग्रेस और बीआरएस जीरो गवर्नेंस मॉडल फॉलो करते हैं। इसलिए हमें तेलंगाना को इन पार्टियों के भ्रष्ट चंगुल से बचाने की जरूरत है।

5. कांग्रेस SC-ST का आरक्षण मुस्लिमों को देना चाहती है
कांग्रेस पार्टी एससी, एसटी और दलितों के लिए आरक्षण का अधिकार छीनना चाहती है और मुस्लिम समुदाय को देना चाहती है। कल्याण न तो उनका दृष्टिकोण है और न ही एजेंडा। कांग्रेस केवल अपना वोट बैंक सुरक्षित रखना चाहती है। यह भ्रष्ट पार्टी पूरी तरह से तुष्टिकरण की नीति में डूबी हुई है।

12 बजे वारंगल में सभा, फिर आंध्र जाएंगे PM
करीमनगर के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12 बजे वारंगल में भी जनसभा करेंगे। इसके बाद वे आंध्र प्रदेश के लिए निकल जाएंगे। वे यहां दो रैली और रोड शो करेंगे। दोपहर 3:45 बजे राजमपेट में और शाम 7 बजे विजयवाड़ा में रोड शो होगा।

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोटिंग
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 13 मई को चौथे चरण में वोटिंग होगी। तेलंगाना में 17 और आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर इस दिन वोटिंग होगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 जून को आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button