आज से मध्य प्रदेश में शुरू होगी पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा, 40 मिनट में पहुंचेंगे उज्जैन से ओंकारेश्वर

भोपाल। मध्य प्रदेश के पर्यटन को गुरुवार से हेलीकॉप्टर सेवा का पंख लगने जा रहा है। राज्य सरकार ने तीन पर्यटन सेक्टरों में जिस पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा की शुरुआत की थी, उसका पहला कारोबारी संचालन आज से शुरू हो जाएगा।
इस उड़ान के साथ ही मध्य प्रदेश अंतरराज्यीय पर्यटन टेली सेवा शुरू करने वाला पहला राज्य बन जाएगा। इस सेवा से पर्यटक एक घंटे के भीतर भोपाल से पचमढ़ी पहुंच जाएंगे। वहीं सतपुड़ा बाघ अभयारण्य के प्रवेशद्वार मढ़ई पहुंचने में केवल 40 मिनट का समय लगेगा। उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंगों का दर्शन एक दिन में संभव हो पाएगा।
सप्ताह में पांच दिन उड़ेंगे हेलीकॉप्टर
पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा प्रत्येक बुधवार-गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। इसको तीन सेक्टरों में बांटा गया है। पहला सेक्टर आध्यात्मिक है। इससे इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर को जोड़ा गया है। दूसरे ईकोटूरिज्म सेक्टर से भोपाल, पचमढ़ी, मढई को जोड़ा गया है। वहीं तीसरे सेक्टर वाइल्ड लाइफ से जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, मैहर और अमरकंटक को जोड़ा गया है। इसके लिए भोपाल, इंदौर और जबलपुर में एक-एक छह सीट वाले हेलीकॉप्टर की तैनाती रहेगी।
इस मार्ग पर वायु पर्यटन सेवा पहले से
पर्यटन के हेरिटेज सेक्टर में पीएमश्री वायु पर्यटन सेवा पहले से संचालित है। इसमें भोपाल से सतना, रीवा, सिंगरौली और खजुराहो के बीच सप्ताह में छह दिन नियमित हवाई सेवा उपलब्ध कराई गई है।
पर्यटन सेवाओं का विस्तार होगा
यह पहल पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश, अधिक रोजगार और पर्यटन सेवाओं में विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी। – धर्मेंद्र सिंह लोधी, मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मप्र।





