आबादी यूपी-बिहार से कम और पेट्रोल-डीजल की खपत पूरे भारत से चार गुना, किस देश का है ऐसा हाल

नई दिल्ली: अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी है। कच्चे तेल के उत्पादन और पेट्रोल-डीजल की खपत के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। दूर-दूर तक कोई उसके मुकाबले में नहीं है। अमेरिका की आबादी यूपी-बिहार से भी कम है लेकिन देश में तेल की खपत भारत से करीब चार गुना है। अमेरिका की आबादी करीब 34 करोड़ है जबकि यूपी और बिहार की जनसंख्या मिलकर करीब 37 करोड़ है। अमेरिका में तेल की रोजाना खपत 1.97 करोड़ बैरल है जबकि भारत में यह 49 लाख बैरल है। एक बैरल में 159 लीटर होते हैं। भारत अपनी जरूरत का 85 फीसदी से अधिक कच्चा तेल विदेशों से मंगाता है।
अमेरिका के बाद चीन दुनिया की दूसरी बड़ी इकॉनमी है। भारत की तरह चीन भी ज्यादातर कच्चा तेल विदेशों से मंगाता है। वहां पेट्रोल-डीजल की रोजाना खपत 1.55 करोड़ बैरल है जो भारत से करीब तीन गुना है। दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में से एक सऊदी अरब में भी तेल की खपत बहुत ज्यादा है। 3.33 करोड़ की आबादी वाले इस देश में तेल की रोजाना खपत 35 लाख बैरल है। इस लिस्ट में रूस रोजाना 34 लाख बैरल खपत के साथ पांचवें नंबर पर है।