कैंसर सर्जरी में हो सकेगा रियल-टाइम आकलन:BMHRC में लगी क्रायोस्टैट मशीन, मिनटों में मिलेगी ट्यूमर रिपोर्ट

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में सटीक और जल्द निर्णय लेना अब और आसान हो गए हैं। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) ने मॉडर्न क्रायोस्टैट मशीन की सुविधा शुरू कर दी है। यह मशीन ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के दौरान तुरंत टिशु की जांच कर सर्जन को सही निर्णय लेने में मदद करेगी।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने इस मशीन का लोकार्पण करते हुए कहा, “क्रायोस्टैट मशीन की शुरुआत मरीज-केंद्रित आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह तकनीक सर्जनों और पैथोलॉजिस्ट को बेहतर तालमेल के साथ समयबद्ध और सटीक इलाज देने में सक्षम बनाएगी।”
क्या है क्रायोस्टैट मशीन? बीएमएचआरसी की पैथोलॉजी विभाग प्रमुख डॉ. हनी गुलवानी के अनुसार, यह मशीन सर्जरी के दौरान निकाले गए ऊतक (टिशु) को तुरंत ठंडा कर उसकी पतली स्लाइड तैयार करती है। पैथोलॉजिस्ट इस स्लाइड को माइक्रोस्कोप से जांचकर कुछ ही मिनटों में रिपोर्ट तैयार कर देते हैं। इस प्रक्रिया को “फ्रोजन सेक्शन” कहा जाता है। जहां पारंपरिक बायोप्सी रिपोर्ट आने में कई घंटे या दिन लगते हैं, वहीं क्रायोस्टैट मशीन से यह काम मिनटों में हो जाता है।
बीएमएचआरसी चुनिंदा संस्थानों में शामिल
क्रायोस्टैट मशीन की स्थापना से बीएमएचआरसी अब देश के उन चुनिंदा स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल हो गया है, जहां सर्जरी के दौरान ही कैंसर की जांच और इलाज संबंधी निर्णय लिए जा सकते हैं। यह तकनीक कैंसर, न्यूरो (मस्तिष्क), स्तन, हेड-नेक और स्त्री रोग से जुड़ी सर्जरी में विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।
बीएमएचआरसी निदेशक डॉ. श्रीवास्तव ने कहा, हमारा उद्देश्य मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना है। क्रायोस्टैट मशीन जैसी अत्याधुनिक तकनीक से कैंसर और जटिल बीमारियों के इलाज में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।





