भोपाल में चयनित शिक्षकों का हल्लाबोल, नियुक्ति में देरी पर पांचवीं बार सड़क पर उतरे अभ्यर्थी

भोपाल। माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक (खेल, गायन, वादन, नृत्य) 2022 भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों ने बुधवार को राजधानी में धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। नियुक्ति में लगातार हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थी पांचवीं बार प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि 25 सितंबर को रिजल्ट जारी होने और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बावजूद उन्हें अब तक जॉइनिंग नहीं दी गई है। करीब आठ महीने बीत जाने के बाद भी न तो कोई स्पष्ट शेड्यूल जारी हुआ है और न ही नियुक्ति की तारीख बताई गई है।

नया सत्र शुरू पर जॉइनिंग नदारद

इस बीच एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो रहा है, जबकि स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी की भर्ती की जा रही है। नर्मदापुरम की एक अभ्यर्थी ने बताया कि दो-दो परीक्षाएं पास करने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने से वे मानसिक रूप से परेशान हो चुकी हैं। उनका कहना है कि बार-बार विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। उनका आरोप है कि जॉइनिंग की तारीख पूछने पर उन्हें टाल दिया जाता है और कई बार अपमानजनक जवाब भी दिए जाते हैं। दस्तावेज सत्यापन के लिए भी कई बार बुलाया गया, जिससे परेशानी और बढ़ी।

सामाजिक और पारिवारिक दबाव बना चुनौती

अन्य अभ्यर्थियों ने कहा कि मेरिट में नाम आने पर जहां खुशी थी, वहीं अब नियुक्ति में देरी से निराशा छा गई है। समाज और परिवार के सामने जवाब देना मुश्किल हो रहा है। अभ्यर्थियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया कई वर्षों से चल रही है। सत्र 2021-22 में नोटिफिकेशन जारी हुआ, इसके बाद प्री और मुख्य परीक्षाएं हुईं और 2025-26 में रिजल्ट तथा दस्तावेज सत्यापन पूरा हुआ।

तीन महीने के नियम के बावजूद सात महीने से इंतजार

नियमों के अनुसार तीन महीने के भीतर जॉइनिंग मिल जानी चाहिए थी, लेकिन सात महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी नियुक्ति अधर में है। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने सरकार और डीपीआई (DPI) से मांग की है कि जल्द से जल्द जॉइनिंग और स्कूल आवंटन किया जाए, ताकि नए सत्र में पढ़ाई शुरू कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button