भोपाल, इंदौर, शाजापुर और राजगढ़ में चली तीव्र शीतलहर, अब बढ़ सकता है रात का तापमान

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों और लेकिन हवा की गति काफी मंद रहने से मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं दिख रहा। हालांकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दो दिन में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बुधवार को भोपाल, राजगढ़, इंदौर और शाजापुर जिले में तीव्र शीतलहर एवं सीहोर, खंडवा, खरगोन, शहडोल, जबलपुर जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा। राज्य में सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ और सबसे अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। वहीं, 22 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जो अगले दो दिन में गहरे कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि अगले दो-तीन दिन में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।

10 डिग्री सेल्सियस से अधिक पर पहुंच सकता है पारा

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी और पूर्वी हो गया है, लेकिन गति काफी मंद है। इस कारण विशेष परिवर्तन नहीं दिख रहा है। हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने लगी है। दो दिन बाद अधिकतर शहरों में रात के तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक पर पहुंचने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button