सिद्धार्थ शुक्ला वैसे नहीं जैसा बिग बॉस में दिखाया, रश्मि देसाई के लिए कहते थे गंदे शब्द, वैष्णवी का दावा

सिद्धार्थ शुक्ला को लेकर कुछ ऐसा दावा किया गया है जिसे सुनकर हो सकता है कि उनके फैन्स को ये बिल्कुल अच्छा न लगे। टीवी एक्ट्रेस वैष्णवी मैकडोनाल्ड सिद्धार्थ को लेकर कुछ कड़वी बातें कही हैं। उन्होंने अपने सनसनीखेज दावे में कहा है कि ‘दिल से दिल तक’ शो के सेट पर सिद्धार्थ शुक्ला रश्मि देसाई और जैस्मिन भसीन के साथ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया करते थे।
यहां आपको ये भी बताना चाहेंगे कि ‘शक्तिमान’ शो में नजर आ चुकीं वैष्णवी मैकडोनाल्ड ने ‘दिल से दिल तक’ सीरियल में सिद्धार्थ शुक्ला की मां का किरदार निभाया था। अब उनके निधन के करीब 5 साल बाद एक्ट्रेस ने उनके बारे में चौंकाने वाले दावे किए हैं। टीवी शो में नजर आनेवालीं ऑन-स्क्रीन मां का कहना है कि सिद्धार्थ सेट पर अपनी को-एक्ट्रेसेस रश्मि देसाई और जैस्मिन भसीन के साथ अपमानजनक भाषा का अक्सर इस्तेमाल किया करते थे।
पहले सिद्धार्थ शुक्ला काफी क्यूरियस और समझदार लगे
वैष्णवी ने हाल ही नें सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातें की। उन्होंने इस बातचीत में सेट पर कलाकारों के व्यवहार को लेकर कई खुलासे किए। यहां उनसे ये भी पूछा गया कि क्या उनका सिद्धार्थ शुक्ला के साथ स्ट्रॉन्ग बॉन्ड था? इसपर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं था। हालांकि, उन्होंने बताया कि जब शूटिंग के पहले दिन सिद्धार्थ से उनकी मुलाकात हुई तो वो काफी क्यूरियस और समझदार लगे थे।
‘बिग बॉस में सिद्धार्थ की जो छवि दिखाई गई वो असल में वैसी नहीं थी’
वैष्णवी ने कहा, ‘सच बताऊं तो बिग बॉस में उनकी जो छवि दिखाई गई वो असल में वैसी नहीं थी। उन्हें बहुत अच्छे और स्वीट लड़के की तरह दिखाया गया, शहनाज गिल के साथ उनकी क्यूट लव स्टोरी दिखाई गई, जिससे कहानी का रुख बदल गया।’
‘जब वो रश्मि के बारे में बोलते थे तो मुझे परेशान करती थी वो बातें’
वैष्णवी ने उनके बारे में बातें करते हुए आगे कहा, ‘जब वो रश्मि के बारे में बोलते थे और जो कुछ भी हो रहा था, वो मुझे परेशान करता था। मैं ये नहीं कहती कि रश्मि बहुत परफेक्ट हैं, लेकिन वो सेट पर काम करने के लिए अच्छी थीं। हम सब साथ में खाते थे और मैंने कभी सेट पर गलत व्यवहार करते हुए नहीं देखा।’ उन्होंने कहा कि वो गंदी भाषा का इस्तेमाल नहीं करती थीं, लेकिन सिद्धार्थ बहुत भद्दे शब्दों का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें जिस तरह से ‘बिग बॉस’ में जो दिखाया गया, वो उससे बिल्कुल उल्टे थे।
रश्मि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा था
वैष्णवी ने एक वाकिया सुनाते हुए कहा, ‘मुझे बहुत अच्छी तरह से तो याद नहीं, लेकिन उस समय कुछ ऐसा माहौल बनाया जा रहा था कि रश्मि को गलत तरीके से पेश किया जा रहा था। ऐसा लगने लगा कि जैसे वही प्रॉब्लम क्रिएट करती हों। सिद्धार्थ सेट पर रश्मि और जैस्मिन दोनों के साथ कभी दोस्त बनते, कभी किसी एक के साथ मिलकर दूसरी को टारगेट करते। उन्होंने ये भी बताया कि सेट पर रैगिंग होती थी।
‘सिद्धार्थ को सेट से बाहर जाने के लिए भी कह दिया गया था’
उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने खुद इस व्यवहार को नजरअंदाज किया ताकि प्रड्यूसर को नुकसान न हो। वैष्णवी ने ये भी बताया कि एक समय ऐसा भी आया था जब सिद्धार्थ को सेट से बाहर जाने के लिए भी कह दिया गया था, लेकिन बाद में चैनल की डिमांड पर उन्हें वापस बुला लिया गया।





