पहाड़ों पर बर्फबारी का मध्य प्रदेश पर असर, अभी और गिरेगा तापमान; शीतलहर और घने कोहरे का दौर जारी

भोपाल: ऊंचाई के स्तर पर बादल छाने के कारण रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगी थी। बादल छंट जाने और सर्द हवाएं चलने के कारण बुधवार से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव भी रह सकता है।

मंगलवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज किया गया। 22 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। अति घना कोहरा रीवा, सतना जिले में रहा। घना कोहरा दमोह एवं खजुराहो में रहा। सीधी, दतिया, उज्जैन एवं राजगढ़ जिले में हल्का कोहरा रहा। दिन का सबसे अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस तापमान सागर में दर्ज किया गया।मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 250 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। 27 दिसंबर से एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि सर्द हवाएं चलने के कारण दो-तीन दिन तक रात के तापमान में कुछ गिरावट होगी। उसके बाद तापमान कुछ बढ़ने लगेगा।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है। वहां से आ रही हवाओं के कारण तापमान में गिरावट होगी। एक-दो दिन में कुछ स्थानों पर शीतलहर भी चल सकती है।

ग्वालियर का मौसम

ग्वालियर शहर और अंचल मंगलवार को भी कोहरे में डूबा रहा। हालांकि 11 बजे तक कोहरा पूरी तरह से गायब हो गया और सूर्य देव आसमान पर आ गए। इसके बाद दिन में तीखी धूप हो गई और दिन का पारा सोमवार के मुकाबने 6.8 डिसे की उछल गया और 27.4 डिसे पर पहुंच गया।

साथ ही हिमालय क्षेत्र से आने वाली हवाएं भी थम गई। ऐसे में दिन में लोगों को ठंड से राहत रही। हालांकि रात के तापमान में 2.8 डिसे की गिरावट आई और तापमान गिरकर 8.5 डिसे पर आ गया। इसलिए सुबह कोहरे के साथ साथ कड़ाके की ठंड का अहसास भी हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button