आयुर्वेद कॉलेजों में शिक्षकों ने कक्षा नहीं ली तो शिकायत कर सकेंगे विद्यार्थी, NCISM ने जारी किया आदेश

भोपाल। आयुर्वेद, यूनानी और सिद्धा कॉलेजों में शिक्षक ने यदि कक्षाएं नहीं ली तो विद्यार्थी उनकी शिकायत भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआइएसएम) में कर सकेंगे। इसके लिए आयोग सोमवार को आदेश जारी किए हैं। निजी या शासकीय सभी कालेजों में अपने सूचना पटल पर यह आदेश लगाना होगा। कॉलेज की वेबसाइट पर भी अपलोड करना होगा।
आयोग के मेडिकल असेसमेंट एवं रेटिंग बोर्ड के अध्यक्ष डॉ मुकुल पटेल ने आदेश जारी कर दिया है। पत्र में कहा गया है कि यदि कक्षाएं नियमित न लगें, नामित शिक्षक लगातार अनुपस्थित रहे तो विद्यार्थी एनसीआइएसएम को शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रहेगा। संस्थान को भी समय सारिणी की विधिवत जानकारी आयोग को देनी होगी। लापरवाही बरतने पर आयोग संस्थान व फैकल्टी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है।बता दें कि देशभर में भारतीय चिकित्सा पद्धति के 700 से अधिक कॉलेज संचालित हो रहे हैं। आयुष मेडिकल एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. राकेश पाण्डेय का कहना है कि यह आदेश शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में बड़ा कदम है।





