आतंकवाद पाकिस्तान का नहीं, भारत का तरीका… CDF बनते ही मुल्ला मुनीर का जहर उगलना चालू, जेहाद पर दिया बड़ा बयान

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पहले चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) और आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने भारत के खिलाफ जहर उगला है। दिलचस्प बात ये है कि आतंकियों को पालने वाले मुल्ला मुनीर ने भारत पर आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाया है। असीम मुनीर ने कहा कि आतंकवाद भारत की पहचान है। ‘आतंकवाद पाकिस्तान का तरीका नहीं है, यह भारत का है।’ पाकिस्तान के पहले CDF असीम मुनीर ने यह बात इस्लामाबाद में नेशनल उलेमा और मशाइक कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान अपने दुश्मनों का सामना खुलेआम करता है।

पाकिस्तानी सीडीएफ ने कहा कि पाकिस्तान छिपकर काम नहीं करता है और कहा कि देश अपने दुश्मनों को सीधे चुनौती देता है। इस दौरान असीम मुनीर ने पाकिस्तान को इस्लामिक बुनियाद पर बना देश बताया और इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय शक्ति विभाजन के बजाय एकता, ज्ञान और कड़ी मेहनत से बनती है।

पाकिस्तान-सऊदी समझौते को बताया ऐतिहासिक

इस दौरान असीम मुनीर ने पाकिस्तान और सऊदी अरब रक्षा समझौते को ऐतिहासिक बताया और कहा कि अल्लाह ने पाकिस्तान को हरमायन (मक्का और मदीना) की रक्षा करने का सम्मान और जिम्मेदारी दी है, जो किसी दूसरे मुस्लिम देश को नहीं मिली है। असीम मुनीर ने कहा कि जो देश ज्ञान और कलम को छोड़ देते हैं, वे अराजकता में पड़ जाते हैं और कहा कि अनुसंधान, सीखना और अनुशासन स्थिरता और प्रगति की नींव है।पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में चरमपंथी समूहों के लगातार हमलों के बीच असीम मुनीर ने जेहाद का भी जिक्र किया। मुनीर ने कहा कि इस्लामिक देश में केवल स्टेट (सरकार) को ही जेहाद घोषित करने का अधिकार है। कोई भी व्यक्ति या समूह यह अधिकार नहीं ले सकता। असीम मुनीर की यह टिप्पणी टीटीपी के संदर्भ में प्रतीत होती है, जो पाकिस्तान को इस्लाम के रास्ते पर न चलने का आरोप लगाता है और पाकिस्तानी सेना पर लगातार हमला करता है।

असीम मुनीर से पहले इस सम्मेलन को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी संबोधित किया। शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान, आतंकवाद, उग्रवाद और सांप्रदायिकता को खत्म किए बिना स्थायी आर्थिक विकास हासिल नहीं कर सकता है। उन्होंने धार्मिक विद्वानों से सभी विचारधाराओं के बीच एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की। शहबाज ने देश की भविष्य की प्रगति के लिए राष्ट्रीय एकता को जरूरी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button