नक्सलियों को अवैध हथियार-विस्फोटक सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर। जिले के कुतुल मार्ग से मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना पर नक्सलियों को अवैध हथियार, कारतूस, गोला-बारूद तथा अन्य सामान सप्लाई करने वाले आरोपी प्रकाश सोनी उम्र 27 वर्ष निवासी बख़रूपारा नारायणपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्कूटी में रखे कॉर्डेक्स वायर लगभग 3 मीटर, बिजली तार, स्कैनर( वॉकी टॉकी), 20 नग कारतूस, 3 नग डेटोनेटर बरामद किया गया है।

पूछ-ताछ में आरोपी प्रकाश सोनी ने स्वीकार किया कि विगत चार पांच वर्षों से वह लगातार नक्सलियों के संपर्क में रहा है, और नक्सलियों को बड़ी मात्रा में बंदूक की गोली, विस्फोटक सामग्री व नक्सल सामग्री अवैध रूप से खरीदकर नारायणपुर लाकर नक्सलियों को देना स्वीकार किया है। आरोपी प्रकाश सोनी ने कई नक्सलियों सहित अन्य आरोपियों के नाम का ख़ुलासा भी किया है।

नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पतासाजी और धर पकड़ हेतु टीम गठित कर अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित लिंक और सहयोगियों की जानकारी एकत्र कर रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध थाना नारायणपुर में धारा- 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button