शहर घूमने के लिए आरकेएमपी से बुक की थी कार:कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर चालक से कार लूटी

उबर चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी कार लूटने का मामला सामने आया है। दो युवकों ने शनिवार की शाम रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर से शहर के मॉल और मंदिर घूमने के लिए गाड़ी बुक की थी। जब चालक को रविवार सुबह होश आया तो वह कटारा हिल्स स्थित पुलिया के पास पड़ा था। सामने उसका भाई खड़ा था।
चालक की थाना अयोध्या नगर में गुमशुदगी दर्ज थी। उसके मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए केस डायरी हबीबगंज थाना भेजी गई है। अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के अनुसार 30 वर्षीय अरविंद जाखड़ अयोध्यानगर स्थित कृष्णधाम कालोनी में रहता है। वह आनलाइन बुकिंग कंपनियों के जरिए अपनी कार चलाता है।
शनिवार को जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अरविन्द के भाई ने उसकी फोटो टैक्सी चालकों के ग्रुप में डाली थी। रविवार सुबह उसके पास एक टैक्सी चालक ने कटारा हिल्स से सूचना दी थी कि उक्त हुलिए का युवक पुलिया के पास पड़ा है।
अरविंद ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे वह रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच की ओर खड़ा था। वहां दो 30-35 वर्ष के युवक स्टेशन से उनके पास आए। दोनों ने मॉल और बिड़ला मंदिर घुमाने के लिए कहा। उन्होंने आनलाइन बुकिंग नहीं की गई थी। 600 रुपए में दोनों जगह घुमाने का सौदा हुआ था।
पहले वे डीबी मॉल और बिड़ला मंदिर घूमने पहुंचे। इसके बाद न्यू मार्केट जाकर मिठाई और कोल्ड ड्रिंक ली। दोबारा बिड़ला मंदिर आए। रास्ते में जबरदस्ती कोल्ड ड्रिंक पिलाई। मंदिर के बाहर कार रुकवा कर दोनों अंदर चले गए। अरविन्द को नशे के कारण नींद आ गई। इसके बाद क्या हुआ उसको पता नहीं है। सुबह जब होश आया तो भाई सामने खड़ा था। उसकी गाड़ी और मोबाइल गायब था। पुलिस अब मॉल एवं अन्य स्थान के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
किसानों से वाहन लेकर जालसाज गायब
तीन किसानों की शिकायत पर बैरसिया पुलिस ने दो जालसाजों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने किसानों से 17 लाख कीमती वाहन किराए पर लिए थे। जालसाजों ने दो महीने किराया दिया। बाद में वाहन लेकर गायब हो गए। बैरसिया पुलिस के मुताबिक, ग्राम सुहाया निवासी नीतेश पाल, बृजमोहन वंशकार और महेश विश्वकर्मा किसान हैं।
26 अक्टूबर 2024 को नीतेश ने अपनी बलेनो कार, बृजमोहन ने आल्टो और महेश ने बोलेरो पिकअप वाहन किराए पर चलाने के लिए आकाश कुचबंदिया और जगदीश रघुवंशी को दिए थे। वाहन लेने के बाद आरोपियों ने दो-तीन महीने किराया दिया। इसके बाद बंद कर दिया।





