नकली सोने की ईंट का सौदा पड़ा महंगा… विदिशा के जालसाज ने किसान को बनाया निशाना, अब सलाखों के पीछे

भोपाल। नजीराबाद इलाके में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, उसने एक किसान को नकली सोने को असली बताकर ठगने की कोशिश में पांच हजार रुपये ले लिए थे, मामले का राजफाश होने के बाद किसान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। नजीराबाद के मुताबिक दयाल सिंह गुर्जर खेती किसानी करते हैं। बुधवार को वे ग्राम रूनाहा जोड़ से गुजर रहे थे।

व्यक्ति ने अपना नाम असराल खान बताया

इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति मिला। उसने उन्हें रोका और कहा कि खेत में काम करते वक्त उसे सोने की ईंट मिली है। वह इस ईंट को सस्ते दामों पर बेच देगा।क्योंकि उसे अपने जरूरी काम निपटाने के लिए नगदी की जरूरत है न कि सोने की। दयाल सिंह ने उस व्यक्ति की बात पर भरोसा कर लिया। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने अपना नाम असराल खान बताया। दयाल सिंह जब सोने की ईंट खरीदने को तैयार हो गए तो उस व्यक्ति ने कहा कि पहले आप सोने का टुकड़ा सैंपल के रूप में ले लो। उसे चेक करा लेना इसके बाद ही बाकी का सोना खरीद लेना।

सैंपल चेक कराया तो वह नकली निकला

दयाल सिंह का यह बात सही लगी। सैंपल के बदले में उस व्यक्ति ने दयाल सिंह से पांच हजार रुपये ले लिए। दयाल ने जब यह सैंपल चेक कराया तो वह नकली निकला। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई तथा जालसाज की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से पता चला कि असरार खान नाम का जालसाज विदिशा के देहात इलाके में रहता है तथा नकली सोने के नाम पहले भी ठगी की कई वारदातें कर चुका है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 800 ग्राम की नकली सोने की ईंट बरामद कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button