खेलो एमपी यूथ गेम्स का समापन आज:राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि, प्रदेश के खिलाड़ियों ने अलग-अलग कैटेगरी में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया

भोपाल, खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का समापन समारोह आज शनिवार को शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में होगा। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेशभर से चयनित खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी इस अवसर के साक्षी बनेंगे।

समापन समारोह से पहले सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मंच व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, समय-सारिणी और आमंत्रित अतिथियों से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

13 जनवरी से शुरू हुए खेल

अधिकारियों ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन 13 जनवरी से किया गया था। प्रदेश के 28 खेलों में ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आज उत्कृष्ट खिलाड़ियों और संभागों का होगा सम्मान

समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और संभागों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को पहचान देने का माध्यम बना है।

लोअर लेक में कयाकिंग-कैनोइंग ने बढ़ाया रोमांच

लोअर लेक, भोपाल में आयोजित कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने जल पर संतुलन, गति और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने इन मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

C1 गर्ल्स 200 मीटर में प्रगति शर्मा स्वर्ण विजेता

C1 गर्ल्स 200 मीटर फाइनल में भोपाल की प्रगति शर्मा ने 50.476 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ की माही शाऊ को रजत और हरदा की वेदिका बिश्नोई को कांस्य पदक मिला।

C2 गर्ल्स 500 मीटर में दिव्यानी दुगर का दबदबा

C2 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में भोपाल की दिव्यानी दुगर ने 2:18.388 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया। टीकमगढ़ की कानुप्रिया राजपूत, रजत और सागर की अनाया फैज कांस्य पदक विजेता रहीं।

K4 गर्ल्स टीम स्पर्धा में भोपाल अव्वल

K4 गर्ल्स 500 मीटर टीम स्पर्धा में भोपाल की रुखमणि डांगी, मानवी जाट, ऋषिका वर्मा और नीलू वर्मा की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ को रजत और हरदा को कांस्य पदक मिला।

K4 बॉयज 500 मीटर में भी भोपाल की जीत

बालक वर्ग की K4 500 मीटर स्पर्धा में भोपाल के के. संतोष सिंह, अभिषेक आर्य, फैरेंबम याइफबा सिंह और राजकुमार कुशवाह की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीकमगढ़ रजत और उज्जैन कांस्य पदक पर रहा।

टीटी नगर स्टेडियम में बॉक्सिंग का जोरदार मुकाबला

टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में युवा मुक्केबाजों ने तकनीकी कौशल और दमदार पंच के साथ उच्च स्तरीय मुकाबले दिखाए।

बालक वर्ग में कई भार वर्गों में स्वर्ण पदक

बालक वर्ग में 44–46 किग्रा में आर्यन शर्मा, 46–48 किग्रा में अमृत गुप्ता, 48–50 किग्रा में खुशदीप बिश्नोई, 50–52 किग्रा में अभिषेक बघेल, 57–60 किग्रा में प्रियांश कीर और 75–80 किग्रा में प्रज्वल पुरोहित ने स्वर्ण पदक जीते।

बालिका वर्ग में भी प्रदेश की मुक्केबाजों की चमक

बालिका वर्ग में स्नेहा वर्मा, प्रियंशी सेंगर, आशिता रावत, ऋद्धि पांडेय, वरिधि दुबे, दीति सोनी और नव्या थापा ने स्वर्ण पदक हासिल किए। लक्ष्मी राठौर और वंशिका खड़का को रजत तथा प्रियंशी नायडू को कांस्य पदक मिला।

अंडर-19 क्रिकेट में भोपाल डिवीजन चैंपियन

अंडर-19 बॉयस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भोपाल डिवीजन ने ग्वालियर को 159 रन से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी और 31 हजार रुपए की इनामी राशि जीती। ग्वालियर रनरअप रहा, जबकि सागर डिवीजन की टीम तीसरे स्थान पर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button