तीर्थ दर्शन योजना का होगा विस्तार, नए स्थल जुड़ेंगे

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन से अयोध्या व वाराणसी जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा को वर्चुअल झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में तीर्थ यात्रा का विशेष महत्व है। तीर्थ मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। हमारे तीर्थ, धार्मिक आस्था के साथ देश को एक सूत्र में पिरोए रखने का माध्यम भी हैं।मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में हवाई यात्रा के माध्यम से भी तीर्थ कराने की व्यवस्था है। पर्यटन विभाग के सहयोग से योजना का और विस्तार किया जाएगा। नए स्थल जोड़े जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैनी से बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी का पुण्य अर्जित करने जा रहे तीर्थ यात्रियों को गंगा स्नान और भगवान विश्वनाथ के दर्शन के साथ संत रविदास और कबीर दास की जन्मस्थली के दर्शन का सौभाग्य भी प्राप्त होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के धाम को जो शोभा प्रदान की, उस पर हम सभी को गर्व है। प्रदेश में वर्ष 2018 से आरंभ हुई योजना का प्रतिवर्ष का बजट 50 करोड़ रुपये से अधिक है।
इसमें हवाई यात्रा के माध्यम से भी तीर्थ कराने की व्यवस्था है। इस दौरान उन्होंने यात्रा पर जा रहीं कल्पना शर्मा, रज्जू किशोर, बाबूलाल शर्मा से वर्चुअल संवाद भी किया।
सीएम ने कहा कि, हमारी सनातन संस्कृति में तीर्थयात्रा का विशेष महत्व है, क्योंकि तीर्थ मोक्ष प्राप्ति का पावन मार्ग प्रशस्त करते हैं। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी और भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या के दर्शन हेतु प्रस्थान कर रहे सभी तीर्थयात्री बधाई के पात्र हैं। उन्हें गंगा स्नान, भगवान विश्वनाथ के दर्शन के साथ-साथ संत रविदास एवं कबीरदास जी की जन्मस्थली के दर्शन का भी अद्वितीय सौभाग्य प्राप्त होगा।





