भारत सरकार के एक्शन ने घबराई तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन पहुंची कोर्ट, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली: तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी एविएशन ने दिल्ली कोर्ट में एक याचिका दायर की है। यह याचिका भारत सरकार की ओर से सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के फैसले के खिलाफ है। इस फैसले से कंपनी के भारत के बड़े एयरपोर्ट पर कामकाज पर असर पड़ा है।
रॉयटर्स को मिली जानकारी के अनुसार, सेलेबी एविएशन की भारतीय यूनिट ने मंजूरी रद्द करने के आधार पर सवाल उठाए हैं। कंपनी ने अपनी याचिका में कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर मंजूरी रद्द करने का कारण स्पष्ट नहीं है।
सरकार ने रद्द की थी मंजूरी
सरकार ने गुरुवार को सेलेबी को भारत में काम करने के लिए जरूरी सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी। सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ चिंताएं बताई हैं, लेकिन खुलकर कुछ नहीं कहा है। भारत के कानून के अनुसार, एयरपोर्ट पर जरूरी सेवाएं देने वाली कंपनियों के लिए यह मंजूरी जरूरी है। इन सेवाओं में यात्रियों और सामान का प्रबंधन शामिल है।
10 साल से ज्यादा पुरानी कंपनी
सेलेबी एविएशन भारत में एक दशक से अधिक समय से काम कर रही है। यह कंपनी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित 9 एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं देती है।
खबरों का किया खंडन
भारत में तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन की ओर से पाकिस्तान का समर्थन करने के बाद, सेलेबी एविएशन ने सोशल मीडिया पर चल रही गलत खबरों का खंडन किया है। कंपनी ने कहा है कि उसका स्वामित्व और कामकाज बिल्कुल सही है।
सेलेबी ने एक बयान में कहा, ‘हम अपने स्वामित्व और भारत में लंबे समय से मौजूदगी के बारे में सही जानकारी देना चाहते हैं। सेलेबी एविएशन इंडिया एक पेशेवर तरीके से चलने वाली, वैश्विक विमानन सेवा कंपनी है।’





