‘यूपीए सरकार ने 8 लाख करोड़ की टैक्स छूट देकर गरीबों को लूटा’, कांग्रेस पर गंभीर आरोप, क्या है 2004 का मामला?

नई दिल्ली: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर आरोप लगाया है कि 2004 से 2014 तक के कार्यकाल में बड़े व्यापारियों को 8 लाख करोड़ रुपए की टैक्स छूट देकर गरीबों से लूट की गई और अमीरों को मालामाल किया गया। दुबे ने यह आरोप लोकसभा में दिए गए जवाब और सीएजी (कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) और पीएसी (पब्लिक अकाउंट्स कमिटी) की रिपोर्ट का हवाला देकर लगाया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रिपोर्ट को शेयर किया।

उन्होंने लिखा, ‘8 लाख करोड़ की बड़े व्यापारी को लूट की छूट सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की सरकार ने दी। भ्रष्ट कांग्रेस ने 2004 से लेकर 2014 तक गरीबों को लूटा और अमीरों को मालामाल किया। यह लोकसभा में दिया जवाब और सीएजी यानी पीएसी की रिपोर्ट है।’ उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी सवाल किया। उन्होंने पूछा, ‘किस-किस को कितने पैसे लेकर टैक्स में लूट की छूट दी राहुल गांधी? यह तो आपके नाक के नीचे हुआ।’

यह पहली बार नहीं है जब निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर इस तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे पहले, वे कांग्रेस पर ‘कॉरपोरेट दलाली’ का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने इसे लेकर राहुल गांधी और जयराम रमेश से तीखे सवाल पूछे थे।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘कांग्रेस पार्टी की ‘कॉरपोरेट दलाली’ और ‘भारतीय पैसे’ को स्विट्जरलैंड के बैंकों में जमा करने की कहानी राहुल गांधी आपकी जुबानी, 19 मार्च 1985 को जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री और विश्वनाथ प्रताप सिंह वित्त मंत्री थे, मुंबई एयरपोर्ट पर दो व्यक्तियों (अमीन साहब और नानावती) के पास से लगभग 3.5 लाख अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन मूल्य के हिसाब से आज करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक) जब्त किए गए थे। वित्त मंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने लोकसभा में स्पष्ट किया था कि यह पैसा मुरुगेश जयकृष्ण का है।’

भाजपा सांसद ने दावा किया था कि जयकृष्ण गुजरात में व्यापार करने वाला कांग्रेस का कार्यकर्ता था, जिसने गुजरात विधानसभा चुनाव में 65 लोगों को 10-10 लाख रुपए दिए, अहमदाबाद में 50 एकड़ जमीन मात्र 1 रुपए में दी और 1982 के एशियाई खेलों के लिए पूरा गेम्स विलेज बनवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button