UPI के जरिए निकाल सकेंगे PF का पैसा, करोड़ों सब्सक्राइबर्स को होगा फायदा, कब शुरू होगी सुविधा

नई दिल्ली: पीएफ के करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए अच्छी खबर है। पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए अब उन्हें ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी पड़ेगी। वे यूपीआई के जरिए पीएफ का पैसा निकाल सकते हैं। सरकार एक ऐसी व्यवस्था बनाने पर काम कर रही है जिससे ईपीएफ सब्सक्राइबर्स के क्लेम
को यूपीआई प्लेटफॉर्म्स के जरिए प्रोसेस किया जा सके। इससे आसानी से फंड को ट्रांसफर किया जा सकता है। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया है। सूत्रों का कहना है कि इस बारे में ईपीएफओ ने एक ब्लूप्रिंट तैयार किया है और यूपीआई-प्लेटफॉर्म्स पर अगले 2-3 महीने में इसे रोल-आउट करने के लिए नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ चर्चा चल रही है।
निवेश में बदलाव
EPFO साथ ही निवेश के तरीके में भी बदलाव कर सकता है। डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश को 20% से घटाकर 10% करने की तैयारी है। इसके लिए लेबर मिनिस्ट्री अब फाइनेंस मिनिस्ट्री से मंजूरी लेगा। इसकी वजह पब्लिक सेक्टर बॉन्ड्स का कम रिटर्न और सप्लाई है। इस बदलाव के बाद ईपीएफओ कॉर्पोरेट बॉन्ड में ज्यादा निवेश कर सकेगा, जो ज्यादा रिटर्न देते हैं। इससे जुड़ा प्रस्ताव नवंबर 2024 में ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की बैठक में मंजूर हुआ था। अगर इस बदलाव लागू हुआ तो इससे ईपीएफओ के 7 करोड़ से ज्यादा मेंबर्स की रिटायरमेंट सेविंग्स पर असर होगा।





