VD शर्मा बोले – यह चुनाव बूथ पर लड़ा जाने वाला चुनाव है

भोपाल.
भारतीय जनता पार्टी की कोई ताकत है तो वह बूथ पर बैठा हमारा कार्यकर्ता है। चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी तो निमित्त मात्र होते हैं, प्रत्याशी के साथ हमारा बूथ का कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ता है। क्योंकि बूथ का कार्यकर्ता ही चाणक्य होता है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी कमल का फूल होता है, हमारे बूथ कार्यकर्तागण एक प्रत्याशी के रूप में परिश्रम कर अपने बूथ विजय के संकल्प को साकार करते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उमरिया और शहडोल जिले में भाजपा प्रचण्ड बहुमत से विजयी होगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उमरिया और शहडोल में जिला कार्यालय का उद्घाटन कर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बूथ कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का संकल्प दिलाया। प्रदेश अध्यक्ष ने विजयराघौगढ और बडवारा में भी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।

विपक्षी भी मानते है भाजपा कार्यकर्ता की ताकत
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए कार्यकर्ता ही हमारा उम्मीदवार है। यही भाजपा की असली ताकत है। आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना है। जिसके कारण हमारी ताकत और मजबूत हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछते हुए कहा कि अब बताएं कितनी ताकत किसी भी राजनैतिक दल के पास है क्या? कार्यकर्ताओं ने जवाब में कहा कि भाजपा की ताकत सबसे बडी है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा की इस ताकत को सारे विपक्षी दल मानते है। कमलनाथ अपने भाषणों में कहते है कि उनका मुकाबला भाजपा संगठन से है। कमलनाथ का यह कथन ही भाजपा कार्यकर्ताओं को दर्शाता है।

नवनिर्मित कार्यालय से पार्टी के काम को विस्तार मिलेगा
उमरिया और शहडोल में जिला कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए संगठन की रीति-नीति के निर्धारण का प्रमुख केन्द्र होता है, कार्यालय के निर्माण से आपके जिले में पार्टी के काम को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह जी के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान प्रत्येक जिले में कार्यालय बनाने की योजना शुरू की थी। मुझे कहते हुए गर्व है कि मध्यप्रदेश में एक-दो जिलों को छोड़कर सभी जिलों में भाजपा के कार्यालय बनकर तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अब तकनीकी युक्त और आधुनिक हो रहे हैं, ताकि संगठन के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन और बेहतर तरीके से पूर्ण हो सके। शर्मा ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय भारतीय जनता पार्टी के काम की दृष्टि से एक बड़ा केंद्र बनेगा और पूरे जिले में भारतीय जनता पार्टी के काम को और विस्तार मिलेगा।

हमें कांग्रेस के कुचक्र को खत्म करना
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा यह विधानसभा चुनाव बूथ पर लड़ा जाने वाला चुनाव है। हमें किसी भी भ्रम में नही रहना है। हमारा कार्यकर्ता बूथ पर मेहनत करता है, लेकिन झूठ बोलने वाली ताकतें जनता में भ्रम फैलाकर गुमराह करने का प्रयास करती है। हमें सजग और सतर्क रहकर कांग्रेस के कुचक्र को खत्म करना है। शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, यहाँ बूथ और शक्ति केन्द्र का कार्यकर्ता संगठन कार्यों की रीति-नीति तय करते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है कि जन-जन के मन में यह संगठन लोकप्रियता के शिखर पर है।

जनता को बतायें कांग्रेस की हकीकत
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी ने हमें बूथ के करणीय कार्य जो सौपें थें, उन कार्यों को हमने पूरी ताकत के साथ पूरा किया है। हमें अब घर-घर जाकर केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर जाना है। साथ ही हमें जनता को 2003 के पहले जो कांग्रेस सरकार थी, उसमें जो दुरावस्था का दौर रहा उसे याद दिलाते हुए यह बताना है कि काग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाया और भाजपा प्रदेश का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले 7 दिनों तक हमें परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए हर बूथ पर 10 से 12 प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करना है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पार्टी का मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान चल रहा है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हर घर झण्डा लगायें और हर बूथ पर वाहन रैली निकाले।

ये थे मौजूद
उमरिया में पूर्व सांसद ज्ञान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, मुकेश मिश्रा, आशुतोष अग्रवाल, मनीष सिंह, राकेश शर्मा, ज्ञानवती, अनुजा पटेल और शहडोल कार्यक्रम विधायक मनीषा सिंह, जिलाध्यक्ष कमलप्रताप सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button