2016 वाली फॉर्म में विराट कोहली, ठोका 85वां इंटरनेशनल शतक, तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का महारिकॉर्ड

नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान और रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली 2016 में गजब की फॉर्म में थे। उनका बल्ला जमकर बोलता था। उन्होंने रनों का अंबार लगा रखा था। कुछ ऐसा ही अब देखने को मिल रहा है। एक के बाद एक मुकाबले में कोहली रन बना रहे हैं और शतक ठोक रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भी अब उन्होंने सेंचुरी जड़ डाली। विराट कोहली की यह इंटरनेशनल क्रिकेट में 85वीं सेंचुरी थी। विराट ने वनडे में यह अपना 54वां शतक ठोका है। विराट कोहली ने अपना शतक 91वें गेंद पर पूरा किया। विराट कोहली 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 124 रन बनाकर आउट हुए।

विराट कोहली ने तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड

37 साल के विराट कोहली ने भारत के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ डाला है। दरअसल, वीरेंद्र सहवाग के नाम भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे में सबसे ज्यादा 6 शतक का रिकॉर्ड था। हालांकि, अब विराट कोहली ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। विराट के नाम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 7 शतक हो गए हैं। वह भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भी वनडे में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में विराट कोहली से ज्यादा शतक किसी और बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, वीरेंद्र सहवाग और विराट कोहली के नाम था। तीनों के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतक थे। हालांकि, अब विराट कोहली आगे निकल गए हैं। बता दें कि भारत में विराट कोहली का यह 41वां शतक था।

भारत में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 42 सेंचुरी भारत में अपने करियर में ठोकी हैं। विराट कोहली यह रिकॉर्ड अपने नाम करने से सिर्फ 2 शतक दूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button