इंदौर-भोपाल सहित चार संभागों में आज से गेहूं खरीदी शुुरू:किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करेंगे मंत्री,विधायक, कांग्रेसी करेंगे घेराव

भोपाल, एमपी में आज से चार संभागों में गेहूं खरीदी शुरू हो रही है। इस बार गेहूं खरीदी देरी से शुरू होने के पीछे सरकार इजराइल-ईरान युद्ध का हवाला दे रही है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सरकार को किसान विरोधी बता रही है।

आज से शुरू हो रही गेहूं खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश भर में किसानों के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष आमने- सामने होंगे। पूरे मध्यप्रदेश में 19 लाख 40 हजार किसानों ने गेहूं खरीदी में रजिस्ट्रेशन कराया है।

किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करेंगे भाजपाई

सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों सहित तमाम नेतागण गेहूं खरीद केन्द्रों पर पहुंचकर किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करेंगे। सीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं पर बारीकी से नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है। गेहूं की प्रति क्विंटल कीमत को वर्तमान स्तर तक लाना बड़ी चुनौती थी, हम इसे 2700 रुपए प्रति क्विंटल तक ले जाएंगे। किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलवाना हमारी प्रतिबद्धता है। हम जनता की सेवा करना चाहते हैं, इसी उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गई है।

हेल्प डेस्क भी बनाए जा रहे

सीएम ने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किये जा रहे हैं, जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर पंपलेट और होर्डिंग के द्वारा भी किसानों को व्यवस्था के संबंध में जानकारियां देने के निर्देश दिए गए हैं। वर्ष 2026 से किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को उनके कल्याण तथा हित से जुड़ी शासन की योजनाओं से भी अवगत कराया जाए।

कलेक्टर कार्यालयों को घेरेंगे कांग्रेसी

प्रदेश में देरी से गेहूं की खरीद शुरू होने के मामले में एमपी कांग्रेस और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और सभी जिलों के अध्यक्ष कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेंगे। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी छतरपुर जिले में प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। आज से इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गेहूं की खरीद शुरू हो रही है। 15 अप्रैल से प्रदेश के दूसरे संभागों में गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी।

जीतू पटवारी बोले- 25% गेहूं ओपन मार्केट में बिक चुका

भोपाल से छतरपुर रवाना होने से पहले पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि तथ्यों से साबित हो गया है कि भाजपा, शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र मोदी और मोहन यादव किसान विरोधी हैं। लगभग 10 लाख क्विंटल गेहूं ओपन मार्केट में बिक चुका है। करीब 25% गेहूं 1600 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव में बेचा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रणनीतिक तरीके से घोटाला किया है। वारदाने की कमी का बहाना बनाकर गेहूं खरीदी नहीं की गई। यह किसानों को धोखा देने की कोशिश है।

पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं, 3100 रुपए धान और 6000 रुपए सोयाबीन का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष होने के बावजूद मध्य प्रदेश में किसानों का शोषण हो रहा है।

उन्होंने बताया कि आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जिला कलेक्टर कार्यालयों का घेराव कर रही है। दो दिन बाद प्रदेशभर में किसानों के साथ उपवास किया जाएगा। साथ ही उज्जैन में किसानों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button