क्या एशिया कप नहीं खेल पाएंगे शुभमन गिल? बड़े टूर्नामेंट से पहले भारत के लिए बुरी खबर!

नई दिल्ली: रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल को भारतीय टीम का नया कप्तान बनाया गया था। शुभमन ने पहली बार भारत को इंग्लैंड में जाकर लीड किया। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज भारतीय टीम गिल के कप्तानी में 2-2 से ड्रॉ करवाकर आई। हालांकि, अब आगामी एशिया कप के लिए भी शुभमन गिल को टीम में तो चुना गया है। साथ ही उनको उपकप्तान भी बनाया गया। लेकिन, अब उनसे जुड़ी एक खबर सामने आई है। शुभमन बीमार हो गए हैं।
क्या एशिया कप खेल पाएंगे शुभमन गिल?
बता दें कि 25 साल के शुभमन गिल बीमार हो गए। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, उनको फीजियो ने चेक किया था। एक दिन पहले ही उनके हेल्थ के बारे में बीसीसीआई को अपडेट किया गया था। हालांकि, शुभमन एशिया कप तक फिट हो जाएंगे इस बात की पूरी उम्मीद है। लेकिन, गिल दलीप ट्रॉफी नहीं खेल पाएंगे। उनको नॉर्थ जोन का कप्तान बनाया गया था
इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में जमकर बोला गिल का बल्ला
शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की 10 पारियों में 75.40 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 754 रन बनाए। उन्होंने 85 चौके और 12 छक्के पूरी सीरीज में जड़े। गिल के बल्ले से इस सीरीज में 4 शतक देखने को मिले। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।
2024 से नहीं खेला एक भी टी20 इंटरनेशनल
शुभमन गिल ने 2023 में भारत के लिए टी20 में डेब्यू किया था। उसके बाद से अब तक उन्होंने 21 मुकाबलों में 30.4 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 578 रन बनाए। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक और 3 अर्धशतक ठोके। गिल ने भारत के लिए आखिरी टी20 30 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। अब सीधा एशिया कप में भारत के लिए अगला टी20 खेलते हुए नजर आएंगे। एशिया कप 9 सितंबर से शुरू होने वाला है।