दुनिया का सबसे बड़ा AI इवेंट दिल्ली में शुरू:300 से ज्यादा कंपनियां दिखाएंगी एडवांस गैजेट्स

नई दिल्ली, भारत में आज यानी 16 फरवरी से दुनिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी इवेंट में से एक ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ शुरू हो गया है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका औपचारिक उद्घाटन शाम 5 बजे करेंगे।
ये इवेंट 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में चलेगा। समिट के साथ-साथ ‘इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का भी आयोजन किया जा रहा है। यहां दुनियाभर की कंपनियां अपने लेटेस्ट AI सॉल्यूशंस को दुनिया के सामने पेश करेंगे।
यहां आम लोग देख सकेंगे कि एआई असल जिंदगी में कैसे काम करता है और भविष्य में AI से खेती, सेहत और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में क्या बदलाव लाने वाला है।
PM मोदी बोले- दुनियाभर से आए लोगों का स्वागत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि आज से दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया ‘AI इम्पैक्ट समिट’ शुरू हो रही है। मैं इस समिट में हिस्सा लेने आए दुनिया भर के नेताओं, बड़े बिजनेसमैन, इनोवेटर्स, पॉलिसी बनाने वालों, रिसर्चर्स और टेक्नोलॉजी के जानकारों का दिल से स्वागत करता हूं।
इस समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ यानी ‘सबका भला और सबकी खुशी’ है। यह इंसानियत की तरक्की के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करने के हमारे साझा संकल्प को दिखाती है।
आम लोगों के लिए समिट में ये 5 चीजें होंगी खास
- AI इम्पैक्ट एक्सपो: 70,000 वर्ग मीटर से ज्यादा बड़े एरिया में एक मेगा प्रदर्शनी लगेगी। इसमें 30 से ज्यादा देशों की 300+ कंपनियां अपने एआई गैजेट्स और तकनीक दिखाएंगी। आम लोग देख सकेंगे कि एआई असल जिंदगी में कैसे काम करता है।
- एजुकेशन और स्किलिंग: छात्रों और युवाओं के लिए ‘YUVAi’ और ‘AI for ALL’ जैसे प्रोग्राम होंगे। इसके जरिए लोग यह सीख सकेंगे कि एआई टूल्स का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई और करियर को बेहतर बनाने के लिए कैसे किया जाए।
- रोजमर्रा की समस्याओं पर फोकस: एक्सपो में ऐसे एआई मॉडल्स का डेमो होगा जो खेती में फसल की बीमारी पहचानने, अस्पतालों में बेहतर इलाज करने और भाषा अनुवाद को आसान बनाने में मदद करते हैं।
- स्टार्टअप्स लीडर्स से मुलाकात: देश-विदेश के स्टार्टअप्स अपने अनोखे प्रोडक्ट्स पेश करेंगे। आम लोग इन इनोवेटर्स से सीधे बात कर सकेंगे और समझ सकेंगे कि भविष्य की तकनीक कैसी होगी।
- एक्सपीरिएंस जोन: समिट में कई ‘थीमैटिक पैवेलियन’ बनाए गए हैं। यहां लोग खुद एआई पावर्ड मशीनों और सॉफ्टवेयर का अनुभव ले सकेंगे, जैसे स्मार्ट हेल्थ मॉनिटरिंग और एआई ट्यूटर।





