भिलाई में सड़क हादसे में युवक की मौत:सूमो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर

दुर्ग-भिलाई, दुर्ग जिले में नंदिनी-खुंदनी मार्ग पर सूमो और सब्जी से भरे पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूमो ड्राइवर वाहन में ही फंस गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गिरहौला निवासी अमन कुमार बंधे (23) के रूप में हुई है। अमन रविवार की शाम सूमो वाहन से अहिवारा से धमधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान नंदिनी-खुंदनी के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप (सब्जी वाहन) से उसकी सूमो की सीधी भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। जिससे टक्कर के बाद सूमो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से निकाला बाहर

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर को वाहन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे मॉर्च्युरी भिजवाया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

इस मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसे

इस मामले में नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि, हादसे के बाद पिकअप वाहन सड़क से नीचे उतर गया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों ने नंदिनी-खुंदनी मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button