दोस्तों के सामने स्विमिंग पूल में डूबा युवक:भोपाल में शादी समारोह में गया था, तेजी से गहरे पानी में गया, ऊपर नहीं आया

भोपाल में स्विमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। वह शादी समारोह में शामिल होने दोस्तों के साथ फार्म हाउस गया था। यहां स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान डूब गया। दोस्तों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। यहां शुक्रवार सुबह उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना गुनगा के हर्राखेड़ा में बने विकेशन विला फार्म हाउस की है। यहां गुरुवार को शादी का आयोजन था। भोपाल के कबीटपुरा का रहने वाला अयान अहमद (20) दोस्त की बहन की शादी में आया था।
पूरा दिन शादी की तैयारियों में लगा रहा। शादी समारोह से पहले दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने उतर गया। वह नहाते हुए स्लाइड से गहरे पानी में चला गया। इसके बाद ऊपर नहीं आया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
होश में आया, लेकिन अस्पताल में दम तोड़ा जब अयान पानी में डूबा तो पूल में दस से अधिक लोग मौजूद थे। अचानक एक युवक का ध्यान गया कि अयान पानी में जाने के बाद बाहर नहीं आया। तब जाकर उसे बाहर निकाला गया। लोगों ने पेट दबाकर उसे बचाने का प्रयास किया। तब अयान होश में भी आया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
‘होश में था, लेकिन बोल नहीं पा रहा था’ अयान के जीजा शाहजेब ने बताया कि स्लाइड से तेजी से पानी में जाने के बाद अयान बाहर नहीं आया। करीब 30 सेकेंड तक तो किसी को कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद उसे बचाने की कवायदें शुरू कीं। पानी से निकलने के बाद वह चंद मिनट तक होश में था, लेकिन कुछ बोल नहीं पा रहा था।
परिवार का इकलौता बेटा था अयान अयान परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। पिता किसी कारखाने में मजदूरी करते हैं। 6 महीने पहले ही अयान ने ई रिक्शा खरीदा था, जिससे वह अच्छी कमाई कर परिवार की आर्थिक मदद करने लगा था। मामले में पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





