कांग्रेस की सूची मचाएगी गदर, संभाल नहीं पाएंगे : नारायण

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव होने में महज दो महीने शेष बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी में जमकर आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस की सूची जारी होते ही उनमें गदर मचेगा, जिसे वो संभाले नहीं संभाल पाएंगे। कांग्रेस में इस समय जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। उनके नेताओं में आपसी खींचतान चरम सीमा पर है। इस वजह से वो विधानसभा प्रत्याशियों के नाम फाइनल नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहली सूची लगभग 45 दिन पहले जारी हो गई है तब कांग्रेस ने कहा था की 5 सितंबर को हमारी सूची भी जारी हो जाएगी। इस बात को 20 दिन से अधिक हो गए हैं, लेकिन कांग्रेसी विधानसभा प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर पा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष कहा कि कांग्रेस की सूची जारी होते ही उनमें गदर मचेगा जो संभाले नहीं संभलेगा। यह बात कांग्रेस के नेता भली-भांति जानते हैं और इसी भय से वे सूची जारी करने से बच रहे हैं।
दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से अब तक महिलाओं को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया। 30 साल से महिला आरक्षण बिल कांग्रेस की वजह से लटका रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में यह कदम उठाया है और इस पर भी कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस ने राज्यसभा में जो महिला आरक्षण बिल पारित कराया था, वह किसी काम का नहीं था। मोदी जी ने संसद के दोनों सदनों में जो महिला आरक्षण विधेयक पारित कराया है, वह स्वयं में संपूर्ण है। सुनिश्चित किया गया है कि देश की महिलाओं को उनका हक मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button