सलमान खान को फिर धमकी:मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का बताया

बाबा सिद्दीकी के मर्डर के 6 दिन बाद एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को वॉट्सऐप मैसेज के जरिए भेजी गई है। धमकाने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का मेंबर बताया है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, धमकी भरी मैसेज में लिखा था- इसे हल्के में मत लीजिए। सलमान खान को जिंदा रहना है और उसे लॉरेंस से दुश्मनी खत्म करनी है तो उसे 5 करोड़ रुपए देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।

मुंबई पुलिस मैसेज भेजने वाले को ट्रैक करने में जुटी है। सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई थी।

6 महीने में 2 मामले जिसके बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ाई गई

12 अक्टूबर: सलमान के करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या

सलमान खान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी बेटे जीशान के दफ्तर के बाहर निकले थे। तभी उन पर 6 गोलियां चलाई गईं। 2 गोली सिद्दीकी के पेट पर और एक सीने पर लगी। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात 11.27 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली।

14 अप्रैल: सलमान के अपार्टमेंट पर फायरिंग सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी। घटना के दो महीने बाद सलमान ने मुंबई पुलिस को बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘बार-बार अलग-अलग लोगों के निशाने पर आने से मैं थक गया हूं। पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जुर्माने लगे हैं। कई केसों में फंसा हूं।’

इससे पहले सलमान को कब-कब मिली धमकी

  • जनवरी 2024: सलमान खान के फार्म हाउस में 2 अनजान लोगों ने फेंसिंग के तार तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने जब पकड़ा तो दोनों ने खुद को सलमान का फैन बताया। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए थे। इस वजह से दोनों पर FIR भी दर्ज की गई थी।
  • अप्रैल 2023: मुंबई पुलिस को फोन कर एक 16 साल के नाबालिग ने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। उसने मुंबई पुलिस अपना नाम रॉकी भाई बताया था। उसने कहा था कि वह जोधपुर का रहने वाला है और 30 अप्रैल 2023 को सलमान को मार देगा।
  • मार्च 2023: जोधपुर के रहने वाले धाकड़राम ने सलमान के ऑफिशियल मेल पर 3 ई-मेल किए थे। इसमें लिखा था कि सलमान खान अगला नंबर तेरा है, तू जोधपुर आते ही सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा जाएगा।
  • जून 2022: मॉर्निंग वॉक पर निकले सलमान के पिता सलीम खान जब घर लौटे तब उन्हें एक अज्ञात पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में लिखा था- ‘तेरा मूसेवाला जैसा हाल बना देंगे सलमान खान।’ इसके बाद सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया।

लॉरेंस की सलमान से दुश्मनी की वजह

  • सलमान पर आरोप है कि 1998 में फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान राजस्थान के जंगलों में काले हिरण का शिकार किया था। सलमान के अलावा सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे, तब्बू और नीलम कोठारी पर भी आरोप लगे थे।
  • बिश्नोई समाज ने तब सलमान के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। सलमान को इसके लिए जोधपुर कोर्ट ने पांच साल की सजा भी सुनाई थी, हालांकि, बाद में उन्हें इस मामले में बेल मिल गई। इसी के चलते गैंगस्टर लॉरेंस सलमान खान को मारना चाहता है। वह कोर्ट में पेशी के दौरान इसकी धमकी तक दे चुका है।
  • सलमान खान के घर पर फायरिंग की प्लानिंग में लॉरेंस के कई गुर्गों को दिल्ली और मुंबई पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मगर फिर भी लॉरेंस अपने गैंगस्टर के गुर्गों को सलमान खान के पीछे लगाए हुए हैं। कुछ दिन पहले ही मुंबई में सलमान खान के घर पर फायरिंग की जा चुकी है।

लॉरेंस जमानत नहीं लेता, जेल से गैंग ऑपरेट कर रहा, हवाला से फंडिंग

लॉरेंस गैंग में ऐसे शूटर्स भी हैं, जो एक साथ किसी क्राइम में शामिल होते हैं, लेकिन एक-दूसरे को जानते नहीं हैं। ये लोग किसी के जरिए खास जगह मिलते हैं। फिर टारगेट पूरा करते हैं। अगर कोई शूटर पकड़ा भी जाता है, तो वो दूसरे के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता पाता। क्राइम के लिए फंडिंग की प्लानिंग लॉरेंस, गोल्डी बराड़, जग्गू भगवानपुरिया और डरमन सिंह उर्फ डरमनजोत कहलवां करते हैं।

शुरुआत में ये गैंग पंजाब में ही एक्टिव थी। इसके बाद गैंगस्टर आनंदपाल की मदद से राजस्थान में एक्टिव हुई। धीरे-धीरे नॉर्थ इंडिया के दूसरे राज्यों में बढ़ती चली गई।

अभी लॉरेंस जेल में रहते हुए सेफ तरीके से गैंग चला रहा है। यही वजह है कि वो जेल से बाहर नहीं आना चाहता। उसने जमानत के लिए अप्लाय भी नहीं किया है। भारत में फिरौती से मिले पैसे कनाडा, अमेरिका, दुबई, थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया भेजता है। ये पैसा वहां मौजूद फैमिली और गैंग मेंबर्स को मिलता है।

लॉरेंस ने जेल में रहते हुए तैयार किया नेटवर्क

NIA की रिपोर्ट के अनुसार, लॉरेंस अभी 4 मामलों में दोषी करार दिया गया है। दुश्मन गैंग से इनकी लड़ाई चलती रहती है। गैंग उन पर हावी होती तो, उसके मेंबर्स खुद लॉरेंस से जुड़ जाते। इस तरह नेटवर्क चेन बढ़ता जाता है।

NIA की रिपोर्ट में कहा गया कि लॉरेंस का नेटवर्क जेल के अंदर रहते हुए ज्यादा मजबूत हुआ है। जेल में रहते हुए उसकी दूसरे गैंगस्टर से दोस्ती हुई। फिर इनके गुर्गों ने आपस में मिलकर जेल के बाहर नेटवर्क मजबूत किया। उसी नेटवर्क से फिरौती और टारगेट किलिंग करने लगे।

लॉरेंस गैंग की कमाई के तरीके- फिरौती, ड्रग्स और हथियार

लॉरेंस की फंडिंग पर सीनियर जर्नलिस्ट आलोक वर्मा बताते हैं, ‘वसूली इस गैंग का सबसे बड़ा हथियार है। इससे गैंग करोड़ों रुपए कमाती है। ये अब ड्रग्स कारोबार से भी जुड़े हैं। पाकिस्तान से ड्रग्स की सप्लाई पंजाब और दूसरे राज्यों में कराने का सिंडिकेट भी चला रहे हैं।’

‘ये लोग पाकिस्तान से आई ड्रग्स बेचकर पैसा कमाते हैं, वो पैसा पाकिस्तान भेजकर हथियार मंगाते हैं। पाकिस्तान के रास्ते पंजाब में आए विदेशी और आधुनिक हथियारों का ये गैंग इस्तेमाल करती है। ये हम सिद्धू मूसेवाला मर्डर में देख चुके हैं। इसमें विदेशी हथियारों का इस्तेमाल हुआ था।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button