टी20 विश्वकप में भोपाल के दो खिलाड़ी दिखाएंगे जलवा, ओमान टीम से खेलेंगे

भोपाल। शहर के दो युवा क्रिकेटर भी एक जून से होने वाले टी-20 विश्वकप में खेलते नजर आएंगे। हालांकि वह भारतीय टीम की ओर से नहीं खेलेंगे, बल्कि ओमान देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। ओमान ने टी-20 विश्वकप के लिए मंगलवार को अपनी टीम घोषित की है। इसमें शहर में जन्मे अयान खान को एक हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में टीम में चुना गया है। जबकि समय श्रीवास्तव को रिजर्व प्लयेर के रूप में टीम में जगह है। यह दोनों ही खिलाड़ी शहर की अंकुर क्रिकेट अकादमी प्रशिक्षण लेते रहे हैं।

मप्र की ओर से राष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके

इनके कोच ज्योतिप्रकाश त्यागी ने बताया कि दोनों ही खिलाड़ियों में गजब की प्रतिभा रही है। लेकिन भारत के लिए ज्यादा मौके नहीं मिलने के चलते वह पिछले तीन-चार वर्षों से ओमान में रह रहे हैं। साथ ही ओमान क्रिकेट के लिए भी खेल रहे हैं। अयान मोहम्मद खान ने मप्र के लिए अंडर-19, 23 एवं मुश्ताक अली, विजय हजारे ट्राफी खेली है। इसके बाद ओमान चले गए। अयान का यह दूसरा विश्वकप होगा। उन्होंने ओमान के लिए पिछला विश्वकप भी खेला था। वहीं उनके साथी क्रिकेटर समय श्रीवास्तव भी टीम में सुरक्षित खिलाड़ी के रूप में शामिल किए गए हैं। समय ने मप्र के लिए अंडर-15, 19, 23 वर्ग की क्रिकेट खेली है। साथ ही विश्वविद्यालय स्तर की विजि ट्राफी में अपने खेल का प्रदर्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button