मोदी बोले- ओडिशा में कांग्रेस पस्त, BJD अस्त:4 जून राज्य की BJD सरकार की एक्सपायरी डेट, नई सरकार का निमंत्रण देने आया हूं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के बहरामपुर में रैली की। उन्होंने कहा- कल मैं प्रभु राम की नगरी अयोध्या में था। आज महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।

ओडिशा में इस बार 2 यज्ञ एक साथ हो रहे हैं। एक यज्ञ देश में, हिंदुस्तान में मजबूत सरकार बनाने के लिए है। और दूसरा यज्ञ ओडिशा में भाजपा के नेतृत्व वाली मजबूत राज्य सरकार बनाने का है।

आप जानते हैं कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है। इसलिए, यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं पर अमल करेंगे। ये मोदी की गारंटी है।

4 जून पर यहां की BJD सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है। आज 6 मई है, 6 जून को BJP के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा। 10 जून को भुवनेश्वर में BJP के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा। मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं।

1. ओडिशा में BJD अस्त है, कांग्रेस पस्त है
मोदी बोले- ओडिशा में BJD अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं। सिर्फ भाजपा उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है। ओडिशा में करीब 50 साल तक कांग्रेस और करीब 25 साल तक बीजेडी रही। लेकिन क्या हुआ, सबने देखा।

2. अमीर ओडिशा के लोग गरीब बने हुए हैं
प्रधानमंत्री ने कहा- ओडिशा में उपजाऊ भूमि, खनिज संसाधन, समुद्री तट, बरहामपुर जैसा व्यापार केंद्र, संस्कृति, विरासत और न जाने क्या-क्या है। फिर भी, इस ‘अमीर’ ओडिशा के लोग गरीब बने हुए हैं। इस पाप के लिए कौन जिम्मेदार है ? जवाब है कांग्रेस और बीजेडी! BJD के छोटे छोटे नेता भी बड़े बड़े बंगलों के मालिक हो गए हैं।

3. केंद्र की योजनाओं पर राज्य सरकार अपना फोटो लगवाती है
PM बोले- केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए ओडिशा को दिए। वो पैसे यहां की सरकार सही से खर्च ही नहीं कर पाई। मोदी गांव में सड़कें बनाने के लिए पैसा भेजता है, लेकिन यहां गांवों में सड़कों की हालत खराब है। मोदी दिल्ली से मुफ्त चावल के लिए पैसे भेजता है, लेकिन BJD सरकार इस योजना पर भी अपना फोटो चिपका देती है।

4. भाजपा ने ओडिशा की बेटी को देश का सबसे बड़ा पद दिया
प्रधानमंत्री ने कहा- भाजपा ने बहुत गौरव से ओडिशा की मिट्टी में जन्मी, ओडिशा की बेटी को देश का सबसे बड़ा पद दिया है। ये मेरा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी मुझे लगातार ओडिशा के विकास के लिए बहुत बारीक-बारीक चीजें बताती हैं।

5. ओडिशा में उड़िया संस्कृति को समझने वाला CM चाहिए
मोदी बोले- ओडिशा में उड़िया संस्कृति को समझने वाला, जीने वाला, गर्व करने वाला और उड़िया संस्कृति के लिए समर्पित भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा, तो आपकी समस्याओं का तेजी से समाधान होगा। इसलिए, भाजपा के मुख्यमंत्री, भाजपा की सरकार का शपथ समारोह होना चाहिए और आपको उसमें आना चाहिए।

ओडिशा के बाद आंध्र प्रदेश जाएंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ओडिशा के बहरामपुर और नवरंगपुर में रैली करने के बाद आंध्र प्रदेश जाएंगे। बहरामपुर की रैली खत्म हो चुकी है। इसके बाद वे 12:45 बजे नबरंगपुर में प्रचार करेंगे। मोदी की आज की तीसरी रैली आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में दोपहर 3:30 बजे और चौथी रैली अनकापल्ली में शाम करीब साढ़े पांच बजे होगी।

आंध्र प्रदेश की मोदी की रैलियों को NDA ने प्रजागलम (लोगों की आवाज) नाम दिया है। यहां NDA के सहयोगी दल TDP के चीफ चंद्रबाबू नायडू भी मोदी के साथ प्रचार करेंगे। 8 मई को मोदी एक बार फिर आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे अन्नामाया जिले और विजयवाड़ा जिले में रैलियों को संबोधित करेंगे।

ओडिशा की बहरामपुर और नबरंगपुर सहित 4 लोकसभा सीटों पर 13 मई को वोटिंग होगी। वहीं, आंध्र प्रदेश की सभी 25 सीटों पर भी 13 मई को ही वोट डाले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button