विरासत में मिले अभिनय के कौशल को दिल्ली में संवारा, अब मुंबई में पहचान बना रहीं भोपाल की भूमिका

भोपाल। उन्होंने बचपन से अपने शहर में हुई विश्व त्रासदी की कहानियां सुनी थीं, लेकिन कभी सोचा नहीं था कि इस त्रासदी पर बनने वाली फिल्म में उन्हें भी एक पीड़ित का किरदार निभाने का मौका मिलेगा। हम बात कर रहे हैं झीलों की नगरी भोपाल में जन्मी भूमिका दुबे की। वरिष्ठ रंगकर्मी गोपाल दुबे की बेटी भूमिका ने पिछले दिनों आई फिल्म ‘द रेलवेमेन’ में नफीसा का किरदार निभाया है, जिसके लिए उनकी खूब सराहना हुई थी। इससे पहले वे कई नाटकों और विज्ञापन फिल्मों में कर चुकी हैं। लघु फिल्म चीपटा का डूमपा से शुरुआत करने के बाद भूमिका ने द रेल्वेमेन से सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ है। हाल ही में उन्हें फिल्म ’12 बाय 12′ में खास भूमिका मिली है। इस फिल्म का टीजर 10 मई यानी आज रिलीज होने जा रहा है। फिल्म 24 मई को रिलीज होगी। अपने अभिनय सफर को लेकर भूमिका ने विशेष चर्चा की।

पहले प्रयास में ही एनएसडी में हुई चयनित

भूमिका बताती हैं कि स्कूली पढ़ाई के दौरान ही मैं पिता के साथ नाटकों से जुड़ गई थी। इसके अलावा मैंने विभा मिश्रा, संजय मेहता जैसे कलाकारों के मार्गदशर्न में भी काम किया है। आगे की पढ़ाई मुंबई विश्वविद्यालय से मास मीडिया में स्नातक किया और उसके साथ ही मानव कौल की नाट्य अकादमी से भी जुड़ गई थी। यहीं रहते हुए दिल्ली के नेशनल स्कूल आफ ड्रामा (एनएसडी) के लिए प्रयास किया और पहले प्रयास में ही चयनित हो गई। 2015 में स्नातक की उपाधि ली। एनएसडी से निकलकर वह वापस मुंबई पहुंचीं और अपना भूमिका थियेटर बैनर बना कर काम किया। यहीं से उन्हें 2018 में आई विद्या बालन की फिल्म ‘तुम्हारी सुलु’ में ब्रेक मिला।

आगामी फिल्मों का है इंतजार

भूमिका ने बताया कि मैंने बहुत छोटे-छोटे रोल से शुरूआत की। फिर नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म ‘मोतीचूर चकनाचूर’ में उनकी छोटी बहन का किरदार निभाया। यह फिल्म भोपाल में ही शूट हुई थी। भूमिका को कनिका ढिल्डन की वेब सीरीज ‘फिर आई हसीन दिलरूबा’ का भी इंतजार है] जिसमें उन्हें बेहतरीन रोल मिला है। तापसी पन्नु और विक्रांत मैसी इसमें मुख्य भूमिका में हैं। वहीं गौरव मदान की फिल्म ‘ 12 बाय 12’ के बारे में भूमिका ने बताया कि यह एक आफबीट फिल्म है। यह फिल्म बनारस के मणिकर्णिका घाट पर शवों के फोटोग्राफी करने वाले फोटोग्राफर जिन्हे लास्ट फोटोग्राफर कहा जाता, उनके जीवन पर आधारित है। 24 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म में भूमिका दुबे के साथ ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, गीतिका विद्या ओहल्याण, हरीश खन्ना, आकाश सिन्हा जैसे कलाकार शामिल हैं।

 

भूमिका ने फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में बताया कि मेरा किरदार मीना इंदौर नामक शहर से है और उसकी शादी बनारस में हुई है। वह एक साधारण भारतीय गृहिणी है, हमारे दैनिक जीवन का एक जाना-पहचाना चेहरा है। वह घर से ही सिलाई का छोटा सा व्यवसाय चलाती है। आमतौर पर ऐसे किरदारों को नीरस तरीके से चित्रित किया जाता है, लेकिन गौरव के पास मीना के लिए एक अलग दृष्टिकोण था। उन्होंने उसके चरित्र को गहराई, लचीलापन और शक्ति दी। वह महत्वाकांक्षी है. वह एक डिसीजन-मेकर है और अपने एकल परिवार में उनकी अपनी राय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button