पापुआ न्यू गिनी में लैंडस्लाइड:100 लोगों की मौत की आशंका

पापुआ न्यू गिनी के काओकलाम गांव में लैंडस्लाइड से 100 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ABC के मुताबिक, लैंडस्लाइड पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर दूर एंगा प्रांत के गांव में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब तीन बजे हुआ। मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंच चुकी है।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, काओकलाम में पहाड़ के खिसकने से ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरा गांव सो रहा था इसलिए उन्हें बचने का मौका नहीं मिला। वहां कई लोग अभी भी जमीन के नीचे दबे हुए हैं।

इसके अलावा, लैंडस्लाइड ने काओकलाम गांव से शहर जाने वाले रास्ते को भी ब्लॉक कर दिया है। पापुआ न्यू गिनी की सरकार ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद करने की अपील की है। काओकलाम के निवासी निंगा रोल ने ABC को बताया कि इस लैंडस्लाइड में उनके परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है।

लैंडस्लाइड से एक दिन पहले भूकंप आया था
लैंडस्लाइड से पहले पापुआ न्यू गिनी में भूकंप के झटके भी महसूस किए गए थे। भूकंप फिन्सचाफेन से 39 किलोमीटर नॉर्थवेस्ट में आया था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई थी। भारतीय समयानुसार पापुआ न्यू गिनी में यह भूकंप गुरुवार (23 मई) को सुबह 9 बजकर 49 मिनट पर आया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने भी पापुआ न्यू गिनी में भूकंप की पुष्टि की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button