महाराष्ट्र में बारिश से भूस्खलन, 2 की मौत:12 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट, मानसून गुजरात पहुंचा

मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों के लिए आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं।

मानसून के कारण गोवा-महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में तेज बारिश हुई है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-अहमदनगर राजमार्ग के मालशेज घाट पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। इससे पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर ऑटो रिक्शा पर गिर गया। हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मरने वालों के नाम राहुल बबन भालेराव (30) और स्वयं सचिन भालेराव (7) हैं।

गुजरात में भी अनुमानित समय से 4 दिन पहले ही मानसून पहुंच गया है। राज्य के हर जिले में आज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की बारिश की संभावना है।

उधर, उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी लू की चेतावनी जारी की गई है।

मंगलवार 11 जून को इन राज्यों के कई शहरों का तापमान 40° सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 47° के पार रिकॉर्ड किया गया। 10 जून को यहां 46.3° तापमान था। बिहार और झारखंड में गर्मी के कारण स्कूलों की 15 जून तक छुट्‌टी कर दी गई है।

अब बात मानसून की
मानसून अनुमानित समय से 4 दिन पहले ही गुजरात पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगर हालात ठीक रहे तो हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश में यह 18 जून तक एंट्री ले सकता है। फिलहाल, महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में मौसम केंद्र ने 12 और 13 जून को निचले और मध्य पहाड़ियों में शुष्क मौसम और 12 से 14 जून तक ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button