मोहन कैबिनेट की बैठक आज, ई-विधान सहित कई प्रस्तावों पर होगा निर्णय

 भोपाल। विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद मोहन कैबिनेट की पहली बैठक बुधवार को होने जा रही है। सुबह 11 बजे मंत्रालय में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। इस बैठक के दौरान मध्यप्रदेश विधानसभा के ई-विधान प्रोजेक्ट का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के मुताबिक विधानसभा में सभी काम आनलाइन होंगे। सदस्यों को सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्न भी आनलाइन स्क्रीन पर नजर आएंगे। सभी सदस्यों के टेबल पर स्क्रीन लगाई जाएगी।इसके लिए ई-विधान परियोजना लागू की जा रही है। इसको लेकर संसदीय कार्य मंत्रालय, विधानसभा सचिवालय और संसदीय कार्य विभाग के बीच अनुबंध भी हो चुका है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि ई-विधान परियोजना को सैद्धांतिक सहमति पहले ही दी जा चुकी है।

रामनिवास रावत को आज विभाग आवंटन संभव

मंत्री बनने के बाद रामनिवास रावत की यह पहली कैबिनेट बैठक होगी। सूत्रों का कहना है कि बुधवार को ही उन्हें विभागीय दायित्व भी दे दिया जाएगा। संभावना यही है कि मुख्यमंत्री के पास जो विभाग हैं, उन्हीं में से एक या दो विभाग रावत को दिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button