सीएम मोहन यादव ने किया नीर नवजीवन परियोजना का शुभारंभ, जवाहर बाल उद्यान में रोपा पौधा

भोपाल। शहर में लिंक रोड क्रमांक दो पर पांच नंबर स्टॉप के नजदीक स्थित जवाहर झील बाल उद्यान में शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “नीर नवजीवन परियोजना” का शुभारंभ किया। यहां पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा भी लगाया।सीएम ने इस अवसर पर झील उद्यान के जीर्णोद्धार संबंधी कार्यों का अवलोकन भी किया। इस दौरान सीएम के साथ सांसद आलोक शर्मा, राज्यसभा के पूर्व सदस्य रघुनंदन शर्मा, स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय समेत अनेक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भोपाल का सौंदर्य अद्भुत
इस मौके पर सीएम डा. यादव ने कहा कि भोपाल का प्राकृतिक सौंदर्य अद्भुत है। एक बार जो यहां आता है, वह यहीं का होकर रह जाता है। खासकर बरसात के मौसम में तो ऐसा लगता है कि परमात्मा ने विशेष कृपा की है। इसे जिस कोने से भी देखो, ऐसा लगता है कि इसे किसी की नजर न लग जाए। ताल-तलैया और झीलों की नगरी है भोपाल। यहां का बड़ा तालाब एक हजार वर्ष पुराना है। आधुनिक समय में यह तालाब बांध निर्माण का सर्वोंत्तम उदाहरण है।
इस मौके पर उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में 12वीं की छात्रा एषणा अग्रवाल के प्रयासों को सराहा और कहा कि बच्ची ने तालाब को साफ रखने की अच्छी तकनीक निकाली है। यह अलग प्रकार की विधा है। वनस्पति के माध्यम से जल शुद्धिकरण का यह एक नया नवाचार है। इस टेक्नोलॉजी के जरिए तालाब और झील के पानी को प्राकृतिक रूप से पौधे अपने आप स्वच्छ बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button