BJP जिंदाबाद-मुर्दाबाद कहने पर पार्टी नेता-पार्षद में विवाद:भोपाल के बैरागढ़ में पौधारोपण करने पहुंचे थे नेता, महापौर भी रहीं मौजूद

‘बीजेपी मुर्दाबाद’ कहने पर शुक्रवार सुबह भोपाल के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राम बंसल और वार्ड-5 से कांग्रेस पार्षद अशोक मारण के बीच विवाद हो गया। दोनों पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। महापौर मालती राय की मौजूदगी में कुछ देर विवाद हुआ। हालांकि, वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद मामला शांत भी हो गया और दोनों नेता एक ही मंच पर मौजूद रहे।
शुक्रवार को बैरागढ़ स्थित साधु वासवानी स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम हुआ। इसमें महापौर राय, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष बंसल, एमआईसी मेंबर राजेश हिंगोरानी, पार्षद अशोक मारन, कुसुम चतुर्वेदी समेत कई नेता मौजूद थे। स्कूल प्रबंधन ने दोनों ही पार्टी के नेताओं को कार्यक्रम में बुलाया था।
ऐसे हुआ विवाद
पौधारोपण कार्यक्रम में उस समय विवाद की स्थिति बनी, जब बीजेपी के प्रसून चतुर्वेदी ने ‘बीजेपी जिंदाबाद’ कहा। चतुर्वेदी के इतना कहते ही पार्षद मारण ने ‘बीजेपी मुर्दाबाद’ कह दिया। बसंल ने इसे गलत बताया। उनका कहना था कि पार्षद मारण ने बीजेपी मुर्दाबाद क्यों कहा। वहीं, पार्षद मारण भी सामने आ गए। एमआईसी मेंबर हिंगोरानी ने मामला संभाला और दोनों को समझाया। इसके बाद मामला शांत हो गया।
विवाद के बाद दोनों एक मंच पर मौजूद रहे
कुछ देर हुए विवाद के बाद दोनों ही नेता एक ही मंच पर मौजूद रहे। एमआईसी मेंबर हिंगोरानी ने बताया, दोनों ही नेताओं को समझाइश दी गई। इसके बाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। पार्षद मारण से संपर्क नहीं हो पाया।
पार्टी मुर्दाबाद कहेंगे तो विरोध करेंगे
विवाद को लेकर बसंल ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमआईसी मेंबर राजेश हिंगोरानी ने स्कूल में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत पौधारोपण रखा था। इसमें महापौर भी मौजूद थीं। वार्ड-5 के कांग्रेस पार्षद मारण भी मौजूद थे। यह अभियान सरकार और भाजपा का है। ऐसे कार्यक्रमों में पार्टी जिंदाबाद के नारे लगते हैं। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ता ने बीजेपी जिंदाबाद का नारा लगाया। इस पर कांग्रेस पार्षद मारण ने मुर्दाबाद का नारा लगा दिया। इसका हम खुलकर विरोध करते हैं। मौके पर मैंने विरोध किया।





