प्राचार्य ने केबीसी में जीते 17 लाख रुपये, भोपाल के सरकारी स्‍कूल में बनवा दी रोबोटिक्स लैब

भोपाल। प्राचार्य के व्यक्तिगत प्रयास से राजधानी का एक सरकारी स्कूल हाईटेक की श्रेणी में शामिल हो गया है। यहां अंग्रेजी माध्यम से छात्राओं की पढ़ाई होती है। टैबलेट में पूरा पाठ्यक्रम अपलोड कर दिया गया है। अब यहां प्राचार्य ने एक निजी कंपनी की मदद से रोबोटिक्स लैब तैयार कराई है।
जहांगीराबाद के शासकीय उमा कन्या विद्यालय की प्राचार्य डाॅ. उषा खरे ने अपने कार्यकाल के 13 वर्ष स्कूल को आगे बढ़ाने में दिए। इस माह के अंत में वह सेवानिवृत्त हो रही हैं। इससे पहले उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) कर्मवीर अवार्ड में जीती हुई 17 लाख रुपये की राशि को स्कूल में बच्चों की शिक्षा पर लगा दिया।
उन्होंने रोबोटिक्स लैब तैयार कराई है। इसका मंगलवार को प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह उद्घाटन करेंगे। इस लैब में विद्यार्थियों को रोबोटिक्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस दौरान 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का प्रतिभा सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान एवं विद्यालय छात्र संघ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button