भोपाल। प्रदेश में विकास मालवा क्षेत्र तक ही समिति नहीं रहेगा। महाकौशल, बुदेलखंड, चंबल, बघेलखंड समेत हर क्षेत्र में सरकार विकास कार्य कराने को लेकर अग्रसर है। आगामी दिनों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी। सरकार ने ऐसा खाका तैयार किया है कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा। इसलिए हमने क्रमश: उज्जैन, जबलपुर में रीजनल सम्मेलन किए। सिर्फ कृषि में ही निवेश बढ़ाने पर प्रदेश के प्रगति कि पथ पर नहीं ले सकते हैं। हर सेक्टर के उद्योगों में निवेश बढ़ाए जाएंगे। यहीं से निकली प्रतिभाएं प्रदेश को आगे ले जाएंगी।यह बात राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हाल) में सोमवार को आयोजित नईदुनिया-नवदुनिया मध्य भारत रत्न समारोह में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कही। उन्होंने भोपाल, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, सागर, छिंदवाड़ा, दमोह, नरसिंहपुर, कटनी सहित अन्य जिलों में रियल एस्टेट, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 लोगों को सम्मानित किया। जागरण समूह के एक्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट देवेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। नवदुनिया के स्थानीय संपादक संजय मिश्र ने स्वागत भाषण दिया।
सरोकारों पर है ध्यान
स्वागत भाषण में स्थानीय संपादक संजय मिश्र ने कहा ने मुख्यमंत्री ने जब कार्यभार संभाला था, वो सबसे पहले नवदुनिया के कार्यक्रम में आए थे। हमारे सात सरोकार हैं। नवदुनिया इन पर अभियान चलाता है, जिन पर मुख्यमंत्री तुरंत सज्ञान लेकर कार्रवाई कराते हैं। अभी हाल ही में हमने जल संरक्षण को लेकर एक अभियान चलाया। नवदुनिया ने सीहोर के चार गांव में पानी की समस्या उठाई और मुख्यमंत्री ने तुरंत दल भेज कर अगले ही दिन समस्या का निराकरण करा दिया। कार्यक्रम का संचालन स्वाति सैहवाल ने किया।
कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर आइएनडी-24 समाचार चैनल था। वहीं प्रेजेंटिंग पार्टनर आयरा एंटरप्राइजेस रहा। इस मौके नईदुनिया-नवदुनिया के सीईओ संजय शुक्ला, राज्य संपादक सद्गुरु शरण अवस्थी, समाजसेवी मनोहर मेहरा, आइएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, जनसंपर्क आयुक्त सुदाम खाड़े सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में हुईं गणेश वंदना व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को देखने व सुनने का आनंद उठाया।
कार्गो हब प्रदेश बनाएंगे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि सहित हर क्षेत्र में उद्योग व व्यवसाय के लिए बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। दिल्ली से आठ लेन एक्सप्रेस-वे बन रहा है, जो प्रदेश के होकर गुजरेगा। प्रदेश से निकलने वाले सभी हाईवे को फोरलेन किया जा रहा है। चंबल, विंध्य सहित चार नए एक्सप्रेस-वे बनेंगे। इससे नया प्रकार का मप्र जाना जाएगा। प्रदेश में कार्गो हब विकसित किया जाएगा।
बुंदेलखंड की बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण के कुछ आकड़े बताए। इसमें नवाचार के लिए मप्र सराहा है। इंदौर की सातवीं बार स्वच्छता सर्वेक्षण का नंबर एक पुरस्कार मिलने पर सराहा गया। बुंदेलखंड एक हिस्सा है, जिसने मुगल, अग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नदी जोड़ों अभियान केन-बेतवा योजना से यह क्षेत्र बदलने वाला है। मप्र व राज्यस्थान में लंबे समय से विवाद चल रहा था। कालीसिंध,चंबल, पार्वती जोड़ने से श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना का क्षेत्र मिलेगा। प्रधानमंत्री ने एक लाख 75 हजार करोड़ रुपये नदी जोड़ो अभियान के तहत दोनों प्रोजेक्ट के लिए मंजूर किए हैं। जिससे मप्र व उत्तर प्रदेश के कई जिलों की सूरत बदल जाएगी।
जहां श्रीराम व श्रीकृष्ण के पद पड़े, वो करेंगे विकसित
भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ। द्वारिका में राज किया। वहीं उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा गृहण की। उज्जैन में श्रीकृष्ण पथ बनेगा। इससे मथुरा-वृदावन, द्वारिका की तरह उज्जैन भी भगवान महाकाल के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के नाम से भी जाना जाएगा। जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम के पद पड़े हैं, उन स्थलों को धार्मिक व पर्यटन स्थलों के रूप विकसित किया जाएगा।