शिवराज सिंह की ‘प्रिय’ बुधनी सीट पर होने जा रहा उपचुनाव… जानिए कारण, समझिए भाजपा और कांग्रेस की रणनीति

 भोपाल। अमरवाड़ा के बाद अब बुधनी उपचुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। गुरुवार को भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। माना जा रहा है कि भाजपा अब जल्‍द ही प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।

क्यों हो रहे चुनाव

2023 के विधानसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 में भाजपा ने उन्हें विदिशा से लोकसभा प्रत्याशी बनाया, इस चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की और केंद्र में मंत्री बनाए गए। नियमों के अनुसार एक ही व्यक्ति लोकसभा और विधानसभा का सदस्य नहीं रह सकता है, ऐसे में उन्होंने बुधनी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा ने नियुक्त किए प्रभारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सीहोर जिले की बुधनी उपचुनाव के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारी घोषित किए हैं। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को बुधनी विधानसभा का प्रभारी और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सह प्रभारी बनाया गया है। ये नेता दोनों क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और प्रत्याशी के बारे में पार्टी को सलाह देंगे।

ये नेता टिकट की रेस में

फिलहाल बुधनी से चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान, पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे रवीस चौहान टिकट की रेस में हैं। इसके अलावा साल 2005 में शिवराज सिंह चौहान के लिए सीट खाली करने वाले पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भी टिकट की दौड़ में हैं।

कब होंगे चुनाव

फिलहाल चुनाव आयोग ने बुधनी के लिए उपचुनाव की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि जुलाई के अंत तक उपचुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है।

कांग्रेस की तैयारी

बुधनी उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले दिनों पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विधानसभा क्षेत्र के ब्लाॅक, मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक की थी। इस दौरान पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, उपचुनाव के प्रभारी जयवर्धन सिंह और पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने बुधनी के नेताओं के साथ संभावित प्रत्याशी को लेकर बात की थी।

बुधनी विधानसभा सीट का इतिहास

बुधनी विधानसभा पर 20 साल से अधिक समय से भाजपा का कब्जा रहा है। यहां से शिवराज सिंह चौहान चुनाव जीतते रहे हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्‍होंने जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button