संपूर्ण जीवन प्रबंधन कोर्स में तुषी डाकलिया ने देश में पाया द्वितीय स्थान

रायपुर। जैन मानद विश्वविद्यालय बैंगलुरु एवं विचक्षण जैन विद्यापीठ रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संपूर्ण जीवन प्रबंधन (प्रारंभिक) कोर्स में रायपुर की तुषी डाकलिया ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के साथ, तुषी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

संपूर्ण जीवन प्रबंधन कोर्स, जो कि छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स है, अध्यात्म योगी उपाध्याय प्रवर महेंद्र सागर महाराज साहब एवं युवा मनीषी उपाध्याय प्रवर मनीष सागर महाराज साहब की पावन प्रेरणा से शुरू किया गया है। इस कोर्स का उद्देश्य व्यक्तियों को जीवन के विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से समझने और प्रबंधित करने में मदद करना है।

तुषी डाकलिया, मनोहर गौशाला के ट्रस्टी और जीवजंतु कल्याण बोर्ड के मानद प्रतिनिधि अखिल जैन (पदम डाकलिया) की पुत्री हैं। प्रावीण्य सूची में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर मिली पुरस्कार राशि को तुषी ने मनोहर गौशाला में अर्पित कर दिया, जो उनके परिवार के धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर तुषी को विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा बधाई दी जा रही है। उनके इस कार्य ने युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button