काम के बहाने भोपाल की महिला को राजस्थान ले जाकर बेचा, चार आरोपित गिरफ्तार

भोपाल। शहर के हबीबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला को राजस्थान ले जाकर बेचने का मामला सामने आया है। उसे साथ में काम करने वाली दो महिलाएं समेत चार लोग राजस्थान ले गए और वहां एक युवक से 50 हजार रुपये में सौदा कर बेच दिया।

पुलिस ने महिला को दस्तयाब (अभिरक्षा में लेना) कर खरीदार समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ अपहरण और मानव तस्करी तथा खरीदार के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली महिला शादी, पार्टी में खाना बनाने का काम करती है। उसके साथ छाया देशमुख, पूजा धानक और संतोष और उसका पति मनोज भालेराव काम करते थे। बीती फरवरी में इन्होंने महिला को बताया कि राजस्थान में काम करने चलना है। महिला उनके साथ काम के लिए चली गई। वहां ले जाकर चारों ने उसे राजस्थान के राजसमंद में देवीलाल गर्ग नामक युवक से जबरन शादी करवा दी। इसके बदले चारों ने देवीलाल से 50 हजार रुपये की राशि ले ली।
महिला से शादी करने के बाद देवीलाल ने उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। इधर, कई दिन तक महिला घर नहीं लौटी तो उसकी मां ने थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने लापता महिला को राजस्थान से दस्तयाब कर लिया। पीड़िता के बयान लेने के बाद पुलिस ने देवीलाल, छाया, संतोष और पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। संतोष का पति मनोज फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button