5वीं-8वीं की परीक्षा के संदर्भ में दिशा-निर्देश जारी, अधिभार अंकों का यह होगा फॉर्मूला

 भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रदेश की समस्त शासकीय शालाओं, मान्यता प्राप्त अशासकीय व अनुदान प्राप्त शालाओं और डाइस कोड प्राप्त मदरसों में कक्षा 5वीं और 8वीं में अध्ययनरत बच्चों के लिए एनसीईआरटी द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों एवं पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा कराने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है।

इसके साथ ही परीक्षा परिणाम के लिए अधिभार अंक निर्धारित किए गए हैं। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए अधिभार अंक 20, वार्षिक परीक्षा लिखित अधिभार अंक 60 और वार्षिक परीक्षा प्रोजेक्ट कार्य के लिए अधिभार अंक 20 निर्धारित किए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि समस्त शालाओं में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन राज्य शिक्षा द्वारा निर्धारित ब्लू प्रिंट के आधार पर तैयार कराए गए प्रश्न-पत्रों और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराया जाएगा। शासकीय शालाओं के लिए अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न-पत्र राज्य स्तर से निर्मित कराए जाएंगे, जबकि अशासकीय शालाएं निर्धारित ब्लू प्रिंट के आधार पर प्रश्न-पत्रों को स्वयं तैयार कराएंगी।
इसके अलावा वार्षिक परीक्षा में सभी सरकारी स्कूल, मान्यता प्राप्त प्राइवेट तथा अनुदान प्राप्त स्कूलों तथा डाईस कोड प्राप्त मदरसों में पढ़ने वाले 5 वीं और 8 वीं में रजिस्टर्ड सभी विद्यार्थियों के लिए कक्षावार, विषयवार निर्धारित कोर्स के अनुसार पेपर राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button