एमपी के म्यूजियम-स्मारकों में आज एंट्री फ्री:टूरिज्म-डे पर विदेशी पर्यटक भी कर सकेंगे भ्रमण

विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर शुक्रवार (27 सितंबर) को मध्यप्रदेश के सभी म्यूजियम और स्मारकों पर एंट्री फ्री रहेगी। देशी के साथ विदेशी पर्यटक भी भ्रमण कर सकेंगे। इधर, भोपाल में आज दिनभर इवेंट्स होंगे। सुबह योगा, साइकिल रैली और जुम्बा हुए।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया, संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय मप्र के अधीन प्रदेश के सभी संग्रहालयों एवं स्मारकों पर दर्शकों (देशी एवं विदेशी) का प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। उनसे कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को ही आदेश जारी कर दिए गए थे।

बोट क्लब में योगा और जुम्बा

‘पर्यटन और शांति’ की थीम पर शुक्रवार सुबह 6 बजे से भोपाल के विंड एंड वेव्स पर योगा और ज़ुम्बा सत्र हुआ। सुबह 8 बजे बोट क्लब से साइक्लोथॉन शुरू हुई। वहीं, सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक गोल घर में चित्रकलां, रांगोली, पुष्प सजावट व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन चल रहा है। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक डीबी मॉल में फ्लैश मॉब व पर्यटन क्विज होगी। कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में दोपहर 3.40 से 3.50 बजे तक फोटोग्राफी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण होगा। जिसके बाद सांस्कृतिक कार्य़क्रम व म्यूजिक बैंड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

महापौर, एमआईसी मेंबर ने लगाई झाड़ृ

पर्यटन दिवस के मौके पर नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया। शौर्य स्मारक पार्क, प्रेमपुरा घाट, बोट क्लब, मनुआभान टेकरी आदि स्थानों पर यह अभियान चला। इस दौरान महापौर मालती राय, एमआईसी मेंबर आरके सिंह बघेल, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान आदि ने झाड़ू लगाई।

300 लोगों ने किया योग और जुम्बा

सुबह 6 बजे से करीब 300 लोगों ने योग और जुम्बा सत्र में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लाभ लेने के साथ डांस फॉर्म के माध्यम से मनोरंजन किया। वहीं, साइक्लोथॉन में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button