मप्र के अगले 48 घंटों में बदलेगा मौसम, कुछ जिलों में बारिश की संभावना
भोपाल। वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर पांच मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हवाओं का रुख भी दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तेलंगाना पर एक प्रति चक्रवात बन जाने के कारण फिलहाल हवाओं के साथ नमी आने का सिलसिला शुरू नहीं हो रहा है।इस वजह से अभी दो दिन तक रात के तापमान में विशेष बढ़ोतरी होने की संभावना कम है। हालांकि तीन फरवरी को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने पर बादल छाने के आसार हैं।
उधर, शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 8.9 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन का सबसे अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा में रिकार्ड हुआ।
मौसम प्रणाली सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में नया पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के पास द्रोणिका के रूप में सक्रिय हो गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद है। इससे संबद्ध द्रोणिका अब आगे बढ़ चुकी है।
हरियाणा एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में प्रेरित चक्रवात मौजूद है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। इसके अतिरिक्त एक प्रति चक्रवात तेलंगाना पर बना हुआ है।
मौसम का मिजाज बदल सकता है
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तेलंगाना पर बने प्रति चक्रवात के कारण हवाओं के साथ नमी नहीं आ रही है। इस वजह से अभी दो दिन तक तापमान में विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं। तीन फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल सकता है।