मुकेश अंबानी की कंपनी पर लग सकता जुर्माना, जानिए क्या है मामला

नई दिल्ली: भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की एक सहयोगी कंपनी पर जुर्माना लग सकता है। यह कंपनी बैटरी सेल प्लांट नहीं लगा पाई है। यह प्लांट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आयात कम करने के अभियान का हिस्सा था। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया है। रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड ने 2022 में बैटरी सेल बनाने के लिए सरकार की एक योजना में बोली जीती थी। यह योजना स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए थी। डेडलाइन पूरा नहीं करने पर कंपनी पर 1.25 अरब रुपये (14.3 मिलियन डॉलर) तक का जुर्माना लग सकता है।
बैटरी सेल प्लांट
रिलायंस न्यू एनर्जी के साथ-साथ राजेश एक्सपोर्ट्स और ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड की एक यूनिट ने साल 2022 में बैटरी सेल प्लांट बनाने के लिए बोली जीती थी। यह देश के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आयात पर निर्भरता कम करने के प्रयास का हिस्सा था। यह सरकार के PLI कार्यक्रम के तहत था। इस प्रोजेक्ट के लिए 181 अरब रुपये की सब्सिडी रखी गई थी। यह 30 गीगावाट-घंटे क्षमता वाले एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल बैटरी स्टोरेज बनाने के लिए थी। कंपनियों को परियोजना के लक्ष्यों को पूरा करने पर यह सब्सिडी मिलनी थी।कंपनियों को समझौते के दो साल के भीतर मिनिमम कमिटेड कैपेसिटी और 25% लोकल वैल्यू एडिशन हासिल करना था। पांच साल के भीतर इसे 50% तक पहुंचाना था। लेकिन रिलायंस न्यू एनर्जी और साथ-साथ राजेश एक्सपोर्ट्स इन लक्ष्यों को हासिल करने नाकाम रहे। लेकिन भावीश अग्रवाल की ओला सेल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ने इस PLI कार्यक्रम के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं पर प्रगति की है। ओला इलेक्ट्रिक के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी ने पिछले साल मार्च में परीक्षण उत्पादन शुरू किया था। अप्रैल से जून तिमाही में लिथियम-आयन सेल का व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि हम निर्धारित समय सीमा को पूरा करने के लिए सही रास्ते पर हैं।





