पहलगाम हमला, ब्रिटिश सांसदों ने लश्कर-ए-तैयबा को ठहराया जिम्मेदार

ब्रिटिश की संसद में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला गूंजा। सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी और बॉब ब्लैकमैन ने गुरुवार (24 अप्रैल) को संसद में इस मुद्दे को उठाया और इसे कायरतापूर्ण, घातक और चौंकाने वाला आतंकी हमला बताया।

सांसद ढेसी ने कहा "मैं इस सप्ताह कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण और घातक आतंकी हमले से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के लिए हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा"।

उन्होंने संसद में मौजूद सदन के नेता से अपील की कि वे इस अवसर पर भारतीय लोगों के प्रति ब्रिटिश संसद की संवेदना व्यक्त करें और इस अमानवीय हमले की कड़ी निंदा करें।

लश्कर-ए-तैयबा पाकिस्तानी संगठन ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने कहा- पहलगाम में हिंदू टूरिस्टों पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे जिस आतंकवादी संगठन का हाथ है, वह लश्कर-ए-तैयबा है। ये पाकिस्तानी संगठन है, जो जम्मू-कश्मीर में निर्दोष लोगों को जानबूझकर निशाना बनाता है। मेरी सरकार से अपील है कि वह इन आतंकियों को पकड़ने और उन्हें न्याय के कठघरे में लाने में भारत का पूर्ण समर्थन करे।

ब्रिटिश सरकार पीड़ितों के साथ सांसद ढेसी की बात का समर्थन करते हुए ब्रिटेन के हाउस ऑफ कॉमन्स की नेता लूसी पॉवेल ने कहा “बिल्कुल, मैं सांसद ढेसी को यह मुद्दा उठाने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। कश्मीर में हुआ यह आतंकवादी हमला वास्तव में भयावह और विनाशकारी है। यह एक कायराना हरकत थी। मेरी संवेदनाएं और सरकार की पूरी सहानुभूति उन सभी लोगों के साथ है, विशेष रूप से उन परिवारों के साथ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है”।

भारत के लिए समर्थन और आतंक के खिलाफ एकजुटता ब्रिटिश संसद में यह चर्चा भारत के साथ एकजुटता और आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ा संदेश देने का संकेत है। यह पहली बार नहीं है जब सांसद ढेसी ने भारत से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाया हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button